शादी का दबाव बना रही थी नर्स, प्रेमी ओटी टेक्नीशियन ने ड्रिप में जहरीला इंजेक्शन देकर मार डाला... यूं हुआ राजफाश
मेरठ के एमसीसी अस्पताल में नर्स नेहा रानी की हत्या उसके प्रेमी ओटी टेक्नीशियन सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर की। नेहा शादी का दबाव बना रही थी, ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
प्रेमी ओटी टेक्नीशियन ने नर्स की हत्या की, साथी भी शामिल।
शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने रची हत्या की साजिश।
जागरण संवाददाता, मेरठ। हापुड़ रोड स्थित एमसीसी हास्पिटल में नर्स नेहा रानी की हत्या ओटी टेक्नीशियन सुरेश ने अपने साथी फरहान संग मिलकर की थी। सुरेश का नर्स से सात माह से प्रेम प्रसंग था। नेहा अब सुरेश पर शादी का दबाव बना रही थी। सुरेश शादीशुदा था उसका पांच साल का बेटा भी है। नेहा के झगड़ा करने व धमकी देने पर सुरेश ने एक सप्ताह पहले हत्या की योजना तैयार की। शनिवार सुबह नेहा ने हास्पिटल आकर जब बीमार होने व शरीर में कमजोरी की बात की तो उसने ड्रिप चढ़ाने की सलाह दे दी।

ड्रिप में ही सुरेश ने जहरीला रासायनिक पदार्थ मिला दिया। बेहोश होने पर उसे सल्फास खिला दिया। खुद ही नेहा की ओर से सुसाइड नोट लिखर उसके कपड़ों में रख दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच के बाद शक होने पर सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने सुरेश व फरहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे सिरिंज, नोट पैड, जहरीला रासायनिक पदार्थ व नेहा का मोबाइल बरामद कर लिया गया है।
एमसीसी हास्पिटल में खरखौदा के गांव फफूंडा निवासी 26 वर्षीय नेहा आठ माह से नर्स के रूप काम कर रही थी। उसका डेढ़ साल का बेटा है। पति ने भी एक साल पहले आत्महत्या कर ली थी। परिवार चलाने को नेहा हास्पिटल में नर्स के रूप में काम कर रही थी। शनिवार दोपहर 2.35 बजे नेहा का शव अस्पताल के एक कमरे से बरामद हुआ था। ओटी टेक्नीशियन सुरेश चंद ने स्वजन को नेहा के आत्महत्या करने की सूचना दी थी।
स्वजन जब अस्पताल पहुंचे तो नेहा के मुंह से झाग निकल रहे थे। सारा सामान अस्त व्यस्त था। कमरे में नेहा सोफे पर पड़ी थी। टिफिन खुला पड़ा था और खाना बिखरा हुआ था। शरीर के ऊपरी हिस्से में एक मुड़ा हुआ कागज रखा था, जिसमें लिखा था कि वह ससुरालियों से परेशान होकर आत्महत्या कर रही है। उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। स्वजन ने मामला संदिग्ध मान पुलिस को सूचना दी और दुष्कर्म कर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था।
खबरें और भी
सीओ संग्राम सिंह व एसओ सुमित तोमर ने अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जांच व सीसीटीवी फुटेज चेक की। सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि फुटेज में नेहा के साथ सुरेश चंद व फरहान जाते दिखाई दिए। कुछ देर बाद दोनों हाथ में सर्जिकल ग्लव्स पहने कमरे से बाहर आते दिखे। सीओ ने बताया कि शक के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने नेहा की हत्या करना स्वीकार किया। सीओ ने बताया कि सुरेश चंद ने नेहा से हास्पिटल आने के कुछ दिन बाद ही शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बना लिए थे। दोनों में अंतरंग संबंध थे। फरहान को इसकी जानकारी थी। इन संबंधों का सुरेश की पत्नी को भी पता चल गया था। घर पर दोनों में झगड़ा होने लगा था।
इधर, नेहा भी शादी का दबाव बनाकर उसे धमकी दे रही थी। परेशान सुरेश ने नेहा से पीछा छुड़ाने को फरहान संग उसकी हत्या की योजना बनाई। शनिवार को नेहा बीमार होने के कारण हास्पिटल नहीं आई तो उसने फोन कर उसे अस्पताल बुलाकर ड्रिप चढ़वाने को कहा। नेहा के आने पर सुरेश व फरहान ने उसे ड्रिप में जहरीला रासायनिक पदार्थ दे दिया। जब वह बेहोश हुई तो आत्महत्या दिखाने को उसे सल्फास खिलाया। इसके बाद सुरेश ने नोट पैड पर नेहा की ओर से सुसाइड नोट लिखकर उसके कपड़ों में रख दिया।
पुलिस ने सुरेश व फरहान की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ड्रिप, सिरिंज, जहरीला रासायनिक पदार्थ, नोट पैड भी बरामद कर लिया। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। रिपोर्ट के आधार पर आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।