मेरठ में राशन पर डाका: रिकॉर्ड में दर्ज 448 कुंतल गेहूं और चावल का स्टाॅक दुकान से गायब; सचिव और विक्रेता पर FIR
Meerut News: मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक उचित दर दुकान से 448.70 कुंतल गेहूं और चावल गायब मिले। जांच के बाद समिति के सचिव और अधिकृत विक्रेता के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
निरीक्षण में दुकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत थाने में मुकदमा कराया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र की एक उचित दर दुकान पर राशन की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। जांच में करीब 448.70 कुंतल गेहूं और चावल स्टाक से गायब मिले। डीएम की अनुमति के बाद बाद समिति के सचिव और अधिकृत विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज करा दी गई।
इस्लामाबाद प्रथम स्थित मैसर्स आजाद उपभोक्ता सहकारी समिति की उचित दर दुकान से राशन का हस्तांतरण खुर्शीदा बेगम की दुकान पर किया जाना था। इसके लिए कई बार निर्देश जारी किए गए, लेकिन राशन हस्तांतरित नहीं किया गया। 30 जुलाई को क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की संयुक्त टीम ने दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकृत विक्रेता विकास सक्सैना से कई बार संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
बाद में समिति के सचिव राहत अली की मौजूदगी में दुकान की जांच की गई। निरीक्षण में दुकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। अंदर राशन दुकान का बोर्ड रखा था और फर्श पर गेहूं व चावल बिखरे मिले, जबकि स्टाक में एक भी बोरी खाद्यान्न मौजूद नहीं थी। मौके पर अन्य सामान रखा मिला।
ऑनलाइन स्टाॅक और ई-पास मशीन के रिकार्ड के मिलान में पाया गया। दुकान में 268.77 कुंतल गेहूं और 179.93 कुंतल चावल, कुल 448.70 कुंतल खाद्यान्न उपलब्ध होना चाहिए था, लेकिन पूरा स्टाक गायब मिला। पूर्ति विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी गई। चार अगस्त को समिति के सचिव राहत अली और अधिकृत विक्रेता विकास सक्सैना के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत लिसाड़ीगेट थाने में मुकदमा कराया।
खबरें और भी
देवी-देवताओं और महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, मुकदमा दर्ज
मेरठ : मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार निवासी एक युवक पर वाटसएप स्टेटस के माध्यम से हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने और एक समाज विशेष की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस से शिकायत कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।
राम पत्तावली, गढ़ रोड निवासी रवि चौहान ने मेडिकल थाने में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि जागृति विहार निवासी ज्ञानेश सिंघवाल उर्फ ईशू ने अपने वाहटसप स्टेटस पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री पोस्ट की है। शिकायत में यह भी आरोप है कि स्टेटस में महिलाओं के प्रति भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपितों की धरपकड़ को टीम लगा दी गई है।