विशाल ने अपनी प्रेमिका शबाना के साथ मिलकर छह माह के मासूम को फेंका था जिंदा नाले में... यूं हुआ राजफाश
विशाल और शबाना को छह माह के मासूम बच्चे को नाले में फेंककर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद दोनों ने साथ रहने ...और पढ़ें

विशाल और शबाना। सौजन्य : पुलिस
HighLights
विशाल और शबाना ने मासूम बच्चे को नाले में फेंका।
छह माह के बच्चे का शव नाले से बरामद हुआ था।
जागरण संवाददाता, मेरठ। विशाल ने अपनी प्रेमिका चार बच्चों की मां शबाना की सहमति के बाद ही उसके छह माह के बच्चे को जिंदा नाले में फेंका था। अगले दिन वैशाली कालोनी के पास नाले से बच्चे का शव बरामद हुआ था। थाना नौचंदी पुलिस ने विशाल के साथ शबाना को भी हत्या का आरोपित बनाकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। शबाना अपने प्रेमी से सोनिया बनकर फोन पर बात करती थी। अविवाहित विशाल ने खुद को गायक बताकर शबाना से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की थी। जबकि वह मेरठ की एक खेल कंपनी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था।
सहारनपुर के गांव दौलतपुर निवासी इमरान पंजाब के बठिंडा की एक राइस मिल में काम करता है। उसकी शादी शबाना निवासी जोगियानपुल कुतबशेर से आठ साल पहले हुई थी। तीन माह पहले शबाना की इंस्टाग्राम पर विशाल से दोस्ती हुई थी। कुछ दिन पहले विशाल ने शबाना को शामली के झिंझाना बुलाया था। वहां एक होटल में दोनों दिनभर साथ रहे। तब दोनों ने एक साथ रहने का निर्णय लिया था। 12 जुलाई को शबाना दवा लाने का बहाना बनाकर बेटे साहिल के साथ घर से कैराना पहुंची। यहां से विशाल उसे अपने साथ मेरठ में भैंसाली अड्डे लेकर पहुंचा।
रात करीब ग्यारह बजे दोनों ई-रिक्शा से सोहराब गेट बस अड्डा पहुंचे। यहां बच्चे को लेकर दोनों में तकरार हो गई। तब दोनों ने बच्चे को नाले में फेंकने का निर्णय लिया। विशाल ने शबाना की गोद से बच्चे को लेकर जिंदा ही नाले में फेंक दिया। उसके बाद दोनों बस में विशाल के गांव मुदाफरा, जिला हापुड़ के लिए निकल गए। शुक्रवार देर रात नौचंदी पुलिस ने घर से विशाल को पकड़ लिया। उधर, सहारनपुर के गंगोह थाना पुलिस ने शबाना को गिरफ्तार कर नौचंदी पुलिस को सौंप दिया। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि विशाल और शबाना को गिरफ्तार कर हत्या के मामले में कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। घटना की विवेचना नौचंदी पुलिस को दी गई है।