Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Commonwealth Games 2026 के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम घोषित, यूपी के 5 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 10:09 PM (GMT+05:30)

    मेरठ की लंबी दूरी की धाविका पारुल चौधरी और पैदल चाल एथलीट प्रियंका गोस्वामी का चयन ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय टीम में हुआ है। ...और पढ़ें

    ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल यूपी के 5 खिलाड़ी

    ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल यूपी के 5 खिलाड़ी

    HighLights

    1. मेरठ की पारुल चौधरी और प्रियंका गोस्वामी का चयन।

    2. पारुल से 5000 मीटर में पदक की प्रबल उम्मीद।

    3. प्रियंका बर्मिंघम का प्रदर्शन दोहराने को तैयार।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। ग्लास्गो में 23 जुलाई से शुरू होने जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों में मेरठ की दो बेटियां भारतीय एथलेटिक्स टीम की सबसे बड़ी उम्मीदों में शामिल होंगी। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) की ओर से घोषित 32 सदस्यीय भारतीय टीम में जिले की लंबी दूरी की धाविका पारुल चौधरी और पैदल चाल एथलीट प्रियंका गोस्वामी का चयन हुआ है।

    दोनों खिलाड़ियों के चयन से खेल जगत में उत्साह का माहौल है। उत्तर प्रदेश से कुल पांच एथलीट भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में इस बार हाकी, निशानेबाजी, बैडमिंटन और कुश्ती जैसी स्पर्धाओं को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश से एथलेटिक्स में ही सबसे अधिक प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा। भारतीय ओलिंपिक संघ की ओर से जल्द ही आधिकारिक दल की घोषणा की जाएगी।

    पारुल से पदक की सबसे बड़ी उम्मीद

    पारुल चौधरी देश की शीर्ष लंबी दूरी की धाविका हैं। वह 5,000 मीटर और 3,000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। हाल ही में फ्रांस में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने 5000 मीटर दौड़ 15 मिनट 04.26 सेकेंड में पूरी कर नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया था। उनके नाम 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर के राष्ट्रीय रिकार्ड भी दर्ज हैं। एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी पारुल पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में उतरेंगी और उनसे पदक की प्रबल उम्मीद की जा रही है।

    प्रियंका गोस्वामी फिर दोहराना चाहेंगी बर्मिंघम का प्रदर्शन

    पैदल चाल एथलीट ओलिंपियन प्रियंका गोस्वामी लगातार दूसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेंगी। दो ओलिंपिक खेल चुकी प्रियंका के नाम 10 से 35 किलोमीटर पैदल चाल तक कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने 10 किलोमीटर पैदल चाल में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा था। ग्लास्गो में भी उनसे भारत को पदक दिलाने की उम्मीद रहेगी।

    खबरें और भी

    यूपी के अन्य तीन एथलीट भी टीम में

    गुलवीर सिंह (अलीगढ़) 5000 और 10000 मीटर दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके नाम 3000, 5000 और 10000 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। 10000 मीटर में 27 मिनट 00.22 सेकेंड और 5000 मीटर में 12 मिनट 39.77 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकार्ड भी उनके नाम है। हाफ मैराथन का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम दर्ज है।

    रोहित यादव (जौनपुर) जैवलिन थ्रो में भारतीय चुनौती पेश करेंगे। हाल ही में अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 87.05 मीटर का थ्रो कर मीट रिकार्ड बनाया और एशियाई खेल 2026 के लिए भी क्वालीफाई किया। पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में वह पांचवें स्थान पर रहे थे। इस बार उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

    कुलदीप कुमार (प्रयागराज) पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। कुलदीप देश के पहले पोल वाल्टर हैं जिन्होंने 5.41 मीटर की ऊंचाई पार की है। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

    यह भी पढ़ें- यूपी में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर प्लांटों पर बड़ी कार्रवाई, 37 को कराया गया बंद; 41 के लाइसेंस सस्पेंड