UP में शीघ्र होगी 80 हजार शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की भर्ती, शिक्षा सेवा चयन आयोग कर रहा इसके लिए तैयारी
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज जल्द ही बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग में करीब 80 हजार शिक्षकों व प्रधानाचार्यों की भर्ती करेगा। अग ...और पढ़ें

HighLights
आयोग के सदस्य योगेंद्र नाथ सिंह ने कहा, जल्द जारी होगा विज्ञापन।
टीजीटी, पीजीटी, प्रधानाचार्य व सहायक आचार्य पद शामिल।
जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज जल्द ही बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में टीजीटी, पीजीटी शिक्षकों और डिग्री कालेजों में सहायक आचार्यों की बंपर भर्ती करेगा। भर्ती के लिए अगस्त में विज्ञापन जारी होने की संभावना है। बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षा विभागों में करीब 80 हजार शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों की भर्ती होगी।

मेरठ आए आयोग के सदस्य योगेंद्र नाथ सिंह ने शुक्रवार को बताया कि भर्ती को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं। उन्होंने आयोग को शीघ्र भर्ती की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अध्यक्ष के निर्देशन में भर्ती की प्रक्रिया को लेकर तेजी से कार्य हो रहा है। मेरठ समेत प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में जल्दी ही शिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसके लिए आयोग के पास जुलाई माह के मध्य तक अधियाचन पहुंचने की संभावना है।
अधियाचन प्राप्त होने के बाद करीब 18 हजार टीजीटी, तीन हजार पीजीटी एवं ढाई हजार हाईस्कूल, इंटरमीडिएट विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की भर्ती व बेसिक शिक्षा विभाग में करीब 55 हजार शिक्षकों और डिग्री कालेजों में करीब 1700 पदों पर अस्सिटेंट प्रोफेसरों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। अगस्त में इनका विज्ञापन जारी होने की संभावना है। शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की भर्ती के लिए आयोग में युद्ध स्तर पर तैयारी चल रही है।
शिक्षकों व प्रधानाचार्यों की अधिकतम आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं
उन्होंने बताया कि शिक्षकों यानि टीजीटी, पीजीटी एवं प्रधानाचार्यों की नियुक्ति में अधिकतम आयु सीमा का में आयोग की ओर से कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। स्पष्ट किया कि अधिकतम आयु सीमा का कोई प्रतिबंध पहले की तरह नहीं रहेगा। न्यूनतम आयु सीमा पहले की तरह ही निर्धारित रहेगी।
खबरें और भी
पीजीटी में बीएड रहेगा अनिवार्य
आयोग सदस्य ने बताया कि पीजीटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बीएड अनिवार्य रहेगा। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग में 11,508 प्राइमरी शिक्षकों अधियाचन आ चुका है। ग्रामीण क्षेत्र में भी शिक्षकों की भर्ती के लिए भी अधियाचन पहुंचते ही भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। करीब 55 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा एडेड डिग्री कालेजों में भी 1700 सहायक आचार्य यानि असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया भी अति शीघ्र शुरू की जाएगी। आयोग को जल्द इसका अधियाचन मिलने की संभावना है।
कई परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
आयोग के सदस्य व यूपीटीईटी परीक्षा के जनपद पर्यवेक्षक के रूप में मेरठ आए योगेंद्र नाथ सिंह ने शुक्रवार को कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इनमें खालसा कन्या इंटर कालेज थापरनगर, डीएन इंटर कालेज मेरठ और त्रिशला देवी इंटर कालेज शारदा रोड समेत कई परीक्षा केंद्र शामिल रहे। दोनों पालियों में परीक्षा सुचारु रूप से चलती मिली। निरीक्षण के दौरान सह जिला विद्यालय निरीक्षक कृष्ण कुमार व प्रभारी सह जिला विद्यालय निरीक्षक नवीन सिरोही उनके साथ रहे।