बोर्ड रिजल्ट में कम नंबर आए हैं तो क्या करें? 12वीं के बाद ऐसे चुनें सही रास्ता
मनोविज्ञानी कीर्ति ने 12वीं के बाद करियर चुनाव पर महत्वपूर्ण सलाह दी है, जिसमें छात्रों को अंकों की बजाय रुचि और क्षमता पर ध्यान देने को कहा गया है। ...और पढ़ें

(Photo Source - AI Generated)
HighLights
12वीं के बाद सही निर्णय भविष्य बनाएगा।
अंकों से निराश न हों, रुचि पर ध्यान दें।
नए करियर विकल्प तेजी से उभर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र की मनोविज्ञानी कीर्ति का कहना है कि 12वीं की परीक्षा के बाद आपका निर्णय ही भविष्य बनाएगा। ऐसे में अब आपको बेहद सूझबूझ से फैसला करना है, उस पर ही आपका पूरा करियर टिका होगा। नंबर की दौड़ में कभी नहीं दौड़ना है, न कभी निराश होना है। स्वयं पर विश्वास रखना है। यह बातें उन्होंने बोर्ड परीक्षार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए कही।
क्या 10 वीं एवं 12वीं के बोर्ड रिजल्ट से परीक्षार्थियों का भविष्य तय हो जाता है?
नहीं। बोर्ड के नंबर केवल एक शैक्षणिक चरण हैं, न कि जीवन की अंतिम उपलब्धि। 12वीं तक विद्यार्थी सिर्फ विषयों को पास करने और बेसिक शिक्षा पूरी करने पर ध्यान देते हैं। असल में जीवन की दिशा और करियर का निर्णय 12वीं के बाद शुरू होता है।
बारहवीं की परीक्षा के बाद इतना कन्फ्यूजन क्यों होता है?
12वीं के बाद विद्यार्थी पहली बार स्वतंत्र निर्णय लेने की स्थिति में आते हैं। क्या बनना है, किस फील्ड में जाना है, कौन सा कोर्स चुनना है... यही कारण है कि इस समय कन्फ्यूजन होना स्वाभाविक और सामान्य है।
क्या कम अंक आने पर अच्छे करियर के विकल्प खत्म हो जाते हैं?
बिलकुल नहीं। बहुत से सफल लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अपने 12वीं के नंबर के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि, लक्ष्य और मेहनत के आधार पर करियर चुना। एक मनोवैज्ञानिक ने 12वीं के बाद करियर को बदलते हुए सिविल सर्विसेज की तैयारी की और सफलता प्राप्त की, जबकि उन्होंने पहले कभी यह नहीं सोचा था।
क्या आज के समय में करियर के विकल्प बदल गए हैं?
बिलकुल... 2026 और आने वाले वर्षों में करियर की दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। अब सिर्फ पारंपरिक विकल्प ही नहीं हैं, बल्कि नए क्षेत्र उभर रहे हैं। इनमें डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिसिस, साफ्टवेयर टेस्टिंग, एप टेस्टिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बायोटेक्नोलाजी, एनवायरनमेंट स्टडीज, जर्नलिज्म, ट्रैवल एंड टूरिज्म, होटल मैनेजमेंट एवं रिसर्च और इनोवेशन। वहीं, आज का विद्यार्थी ग्लोबल स्तर पर कहीं भी पढ़ाई और करियर बना सकता है।
करियर चुनते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
करियर चुनना सिर्फ नंबर के आधार पर नहीं, बल्कि इन बातों पर होना चाहिए। आपकी रुचि, आपकी क्षमता, आपका एप्टीट्यूड, आपकी सीखने की शैली और आप भविष्य में कैसी जिंदगी जीना चाहते हैं।
क्या आर्थिक समस्या करियर में बाधा बन सकती है?
आज के समय में नहीं। बहुत सारे एजुकेशनल लोन और स्कालरशिप उपलब्ध हैं। अगर आपके पास स्पष्ट योजना है तो आप अपने करियर को आसानी से आगे बढ़ा सकते हैं।
विद्यार्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण संदेश क्या है
विद्यार्थियों को अपने नंबर से निराश नहीं होना चाहिए। सफलता का असली आधार सही निर्णय, मेहनत व मानसिक संतुलन है।