Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी धाम के पास बनेगा हाईटेक बस टर्मिनल, यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं

    By Kamleshwar SharanEdited By: Sachin Sharma
    Updated: Sat, 23 May 2026 03:58 PM (IST)

    मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी धाम के पास 127 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस टर्मिनल बनेगा। ...और पढ़ें

    एआई जेनेरेटेड तस्वीर

    एआई जेनेरेटेड तस्वीर

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मां विंध्यवासिनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही आधुनिक परिवहन सुविधाओं का तोहफा मिलने जा रहा है। वर्षों से सीमित जगह, भीड़, अव्यवस्थित पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे विंध्याचल बस अड्डे की जगह अब 127 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस टर्मिनल बनाया जाएगा।

    यह नया टर्मिनल कालीखोह क्षेत्र में विंध्य एक्सप्रेस-वे के समीप विकसित होगा, जिससे विंध्यधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। इससे अब काशी-विंध्य-संगम और अयोध्या की राह भी सुगम होगी।

    वर्तमान में विंध्याचल बस अड्डा बढ़ती यात्री संख्या के मुकाबले काफी छोटा साबित हो रहा है। त्योहारों और नवरात्र में बसों के दबाव के कारण जाम, अव्यवस्था और यात्रियों को घंटों इंतजार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में सरकार ने विंध्यधाम को आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की योजना को मंजूरी दे दी है।

    प्रस्तावित बस टर्मिनल करीब 25 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने भूमि चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

    ये होंगी सुविधाएं

    नए बस टर्मिनल में यात्रियों के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, हाईटेक टिकट काउंटर, डिजिटल सूचना बोर्ड, आधुनिक पूछताछ केंद्र, आरओ पेयजल सुविधा, क्लाक रूम, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट और जलपान स्टॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा, जबकि पुलिस चौकी, सहायता केंद्र और अग्निशमन व्यवस्था भी स्थापित की जाएगी।

    खबरें और भी

    धार्मिक पर्यटन को मिलेगी गति

    परिवहन विभाग का मानना है कि नए टर्मिनल के निर्माण से विंध्यधाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए बस संचालन भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा। प्रतिदिन लगभग एक लाख लोगों की आवाजाही वाले विंध्यधाम में यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को नई गति देगी।

    टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू कराया जाएगा निर्माण कार्य

    रोडवेज की क्षेत्रीय प्रबंधक कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए कालीखोह क्षेत्र में 127 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इसके लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। टर्मिनल में यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

    विंध्यधाम आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नया बस टर्मिनल धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा और श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुगम बनाएगा।

                                                                          कल्पना श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज

    यह भी पढ़ें- चुनार, टूंडला, मीरजापुर सहित इन 5 रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे चार्जिंग सेंटर, इलेक्ट्रिक वाहन हो सकेंगे चार्ज