मीरजापुर जिम मामले के सरगना इमरान खान की 50 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क, गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई
मीरजापुर में जिम मामले के मुख्य आरोपी गैंगस्टर इमरान खान की 50 लाख रुपये की दूसरी संपत्ति कुर्क की गई। ...और पढ़ें

HighLights
गैंगस्टर इमरान खान की 50 लाख की संपत्ति कुर्क।
मेवली गांव में अवैध तरीके से अर्जित जमीन पर कार्रवाई।
जिम मामले में आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत एक्शन।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। नायब तहसीलदार सदर सुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में देहात कोतवाली व पड़री पुलिस ने जिम जाने वाली महिलाओं व युवतियों का फोटो व वीडियो बनाने तथा मतांतरण के लिए प्रेरित करने के मुख्य आरोपित गैंग लीडर इमरान खान की दूसरी संपत्ति भी शनिवार को कुर्क की गई।
देहात कोतवाली के मेवली गांव में स्थित लगभग 50 लाख की इस संपत्ति को शाम को डुगडुगी पिटवाकर बोर्ड लगाते हुए पुलिस व प्रशासन ने कुर्क किया। आरोप है कि यह संपत्ति आरोपित ने अवैध तरीके से अर्जित की है।
देहात कोतवाली के निरीक्षक अपराध मनोज कुमार ने बताया कि दो युवतियों ने पांच जिम आयरन फायर, बी-फीट व केजीएन एक, दो, तीन के मालिक व ट्रेनर पर जिम में जाने पर महिलाओं व युवतियों का अश्लील फोटो, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और मतांतरण कराने के आरोप में 19 व 20 जनवरी को देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें 39 वीं वाहिनी पीएसी के पास कटरा कोतवाली के रबैना निवासी इमरान खान सहित दस आरोपित शामिल हैं। इमरान खान मुख्य आरोपित हैं, जो गैंग लीडर है। इसलिए पुलिस ने इमरान व इसके भाई जहीर पर गैंग्सटर के तहत कार्रवाई की है। जिसके बाद पुलिस ने दोनाें आरोपितों की गत दिनों रबैना मोहल्ला स्थित 11 करोड़, 66 लाख, 35 हजार रुपये की संपत्ति को कुर्क किया था।
खबरें और भी
आरोप है यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की गई थी। इनकी और संपत्ति का पता लगाया जा रहा था। इसी बीच पता चला कि आरोपित इमरान ने मेवली गांव में 0.7330 हेक्टेयर लगभग तीन बीघा जमीन प्लाटिंग के लिए खरीदी थी। जिसकी अनुमानित मूल्य 50 लाख रुपये है।
जानकारी पर प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत इसको भी कुर्क कर दिया। बताया कि इमरान पर पड़री, वाराणसी के कैंट, जैतपुरा, कटरा कोतवाली व देहात में कुल आठ मुकदमे विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं।