फैसिलिटेशन सेंटर से हज यात्रियों की राह होगी आसान, मिलेगी हर तरह की सुविधा; 20 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
मीरजापुर में हज-2027 के इच्छुक यात्रियों के लिए दो फैसिलिटेशन सेंटर बनाए गए हैं, जहां ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज अपलोड करने में सहायता मिलेगी। आवेदन की ...और पढ़ें

फैसिलिटेशन सेंटर से हज यात्रियों की राह होगी आसान।
HighLights
हज-2027 के लिए मीरजापुर में दो केंद्र स्थापित।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित।
चयनित यात्रियों को 10 अगस्त तक अग्रिम राशि जमा करनी होगी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। हज-2027 पर जाने के इच्छुक लोगों की सुविधा के लिए जनपद में दो फैसिलिटेशन सेंटर बनाए गए हैं। यहां ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज अपलोड, पंजीकरण प्रक्रिया व अन्य आवश्यक औपचारिकताओं में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। हज यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई की रात 11:59 बजे तक किए जा सकेंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामदत्त प्रजापति ने बताया कि राज्य हज कमेटी के सदस्य जावेद कमर खान को विंध्याचल मंडल का प्रभारी बनाया गया है। जिले में अधिक से अधिक पात्र लोगों तक हज-2027 की जानकारी पहुंचाने और आवेदन कराने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में डिजिटल कुर्रा (रैंडम चयन) होगा। चयनित यात्रियों को 10 अगस्त तक 1.52 लाख रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी।
आवेदन के साथ मशीन-पठनीय पासपोर्ट, पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक और पते के प्रमाण की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा।
हज कमेटी ने इच्छुक लोगों से अपील की है कि सभी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर समय रहते आवेदन पूरा करें तथा यात्रा के प्रति पूरी तैयारी और प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही पंजीकरण कराएं।
जिले में बने दो फैसिलिटेशन सेंटर
आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट और हज सुविधा मोबाइल एप के माध्यम से किए जा सकते हैं। जिन लोगों को ऑनलाइन आवेदन में कठिनाई हो, वे जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय विकास भवन के अलावा मदरसा अरबिया इलियटघाट व मदरसा इस्लामिया गरौड़ी (अदलहाट) स्थित फैसिलिटेशन सेंटर पर संपर्क कर सकते हैं।