मीरजापुर में बिना प्राधिकरण से नक्शा पास कराए ही बना रहे भवन, प्रशासन ने कई मकानों को किया सील
मीरजापुर में प्रशासन ने बिना प्राधिकरण से नक्शा पास कराए बन रहे कई भवनों को सील कर दिया है। सचिव अविनाश कुमार ने लोगों को अवैध निर्माण से बचने और प्रा ...और पढ़ें

बिना प्राधिकरण से नक्शा पास कराए बना रहे भवन को किया गया सील।
HighLights
बिना नक्शा पास कराए भवनों पर प्रशासन की कार्रवाई।
मीरजापुर में कई अवैध निर्माणों को किया गया सील।
प्राधिकरण सचिव ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। नगर में मीरजापुर विंध्याचल विकास प्राधिकरण से नक्शा पास कराए बिना भवन निर्माण करा रहे लोगों पर प्रशासन सख्त हो गया है। सचिव व नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए कई मकानों को सील कर दिया।
बसही में भगवती होटल के पीछे बांके लाल पटेल द्वारा 30.30 वर्ग फीट में मकान बिना प्राधिकरण की अनुमति के बनाया जा रहा था। अनाधिकृत रुप से बेसमेंट, भूतल, प्रथम तल व द्वितीय तल का निर्माण कराया गया था। प्राधिकरण की टीम ने भवन को सील कर दिया।
इसी प्रकार मुंहकुचवा राबर्टसगंज मार्ग पर रवि गुप्ता द्वारा बिना अनुमति के 600 वर्ग मीटर भूखंड में बिना प्राधिकरण की अनुमति के अवैध रुप से टीन शेड का निर्माण कराया गया था, इसको भी सील कर दिया गया।
निर्माण कराने से पूर्व प्राधिकरण से नक्शा कराएं पास
प्राधिकरण सचिव नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि अवैध प्लाटिंग व निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनमानस किसी भी भूखंड को खरीदने से पूर्व प्राधिकरण से वैधता की जांच अवश्य करा ले, अन्यथा निवेश करना भविष्य में नुकसान का कारण बन सकता है।
भवन, भूखंड, प्लाट को खरीदने से पूर्व सुनिश्चित करें कि संबंधित कालोनी अथवा स्थल का ले आउट, भू विन्यास, प्लाटिंग मानचित्र प्राधिकरण से स्वीकृत है अथवा नहीं। भवन का निर्माण कराने से पूर्व ऑनलाइन आवेदन करके प्राधिकरण से नक्शा पास करा लें। अन्यथा विकास प्राधिकरण द्वारा कार्रवाई करने पर किसी प्रकार की क्षति होने पर स्वयं जिम्मेदार होंगे।