राम मंदिर चढ़ावा चोरी में दोषी कोई भी हो, सरकार किसी भी हालत में नहीं बख्शेगी: पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मीरजापुर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि एसआइटी जांच के बाद किसी दोषी को बख्शा नहीं जाए ...और पढ़ें

राम मंदिर प्रकरण में दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा : पंकज चौधरी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, सरकार इस प्रकरण को गंभीरता से ले रही है। मामले की एसआइटी जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून सबके लिए समान है। सरकार दोषियों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ेगी।
बरौधा कचार स्थित भाजपा के जिला कार्यालय में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि राम मंदिर का संचालन ट्रस्ट के माध्यम से होता है और उसकी व्यवस्थाएं भी ट्रस्ट के अधीन हैं।
जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले रामभक्तों पर गोली चलवाते थे और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वही आज राम मंदिर की चिंता कर रहे हैं। जनता सब कुछ देख और समझ रही है।
अखिलेश-राहुल के आरोप पर पलटवार, बोले- जनता अब गुमराह नहीं होगी
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी हमेशा आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करते हैं, लेकिन इससे सच्चाई नहीं बदलती। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले भी चुनाव आयोग, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाता रहा है।
खबरें और भी
जनता अब ऐसे राजनीतिक आरोपों को समझती है और उनसे गुमराह होने वाली नहीं है। कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता और कानून के शासन के सिद्धांत पर काम कर रही है और हर मामले में तथ्य सामने आने के बाद ही कार्रवाई की जाती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पूछा- क्या हालचाल है आप सबका...
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों का हालचाल पूछते हुए किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि क्या हाल-चाल है आप सबका। इसके बाद पत्रकारों के साथ संवाद शुरू हुआ।
फिर जिले के विकास के मुद्दे पर चर्चा हुई। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के हालिया कार्यक्रम में मीडिया से दूरी बनाए जाने पर सवाल उठाया। प्रदेश अध्यक्ष ने 15 मिनट तक पत्रकारों से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश महामंत्री दिलीप सिंह पटेल और काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया भी थे।
भाजपा में कोई अंतर्कलह नहीं, संगठन पूरी तरह एकजुट
प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा में अंतर्कलह और गुटबाजी की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट कहा कि भाजपा एकजुट संगठन है। किसी भी बड़े परिवार में छोटे-मोटे मतभेद होना स्वाभाविक हैं, लेकिन इसे अंतर्कलह कहना उचित नहीं होगा।
भाजपा सरकार और संगठन पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्रियों के बीच बेहतर समन्वय इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। संगठन में सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी एक लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं।
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना एनडीए का उद्देश्य, सहयोगी दलों की करेंगे समीक्षा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल सहयोगी दलों को लेक स्पष्ट संकेत दिया कि उनके कार्यों और समन्वय की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन धर्म के तहत सभी सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखा जा रहा है।
भाजपा संगठन और सहयोगी दलों का साझा उद्देश्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। इसी उद्देश्य से सभी सहयोगी दलों के प्रदर्शन और समन्वय का आकलन किया जाएगा, ताकि गठबंधन और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।
यह भी पढ़ें- चढ़ावा चोरी मामले के बाद 22 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक, राम मंदिर की व्यवस्थाओं में हो सकते हैं बड़े बदलाव