मीरजापुर में घर में घुसा सात फीट का मगरमच्छ, बांस-बल्ली के सहारे निकाला तो पास के तालाब में में जा घुसा
मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र में एक सात फीट लंबा मगरमच्छ घर में घुस गया, जिससे हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बांस-बल्ली की मदद से उसे बाहर निकाला, जिस ...और पढ़ें

मीरजापुर में घर में घुसा विशाल मगरमच्छ, ग्रामीणों ने साहस से निकाला।
HighLights
सात फीट का मगरमच्छ घर में घुस गया।
ग्रामीणों ने बांस-बल्ली से बाहर निकाला।
मगरमच्छ पास के तालाब में चला गया।
जागरण संवाददाता, हलिया (मीरजापुर)। हलिया थाना क्षेत्र के बसुहरा गांव के बंधइता मजरे में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब सात फीट लंबा मगरमच्छ क्षत्रधारी कोल के घर में घुस गया। संयोगवश उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पड़ोसियों ने मगरमच्छ को घर में घुसते देखा तो शोर मचाया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घर में मगरमच्छ घुसने से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना वन विभाग को दी गई। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए बांस और बल्ली की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को घर से बाहर निकाल दिया।
घर से निकलने के बाद मगरमच्छ पास स्थित एक तालाब में चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन तालाब में मगरमच्छ के मौजूद होने से अब भी लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ किसी भी समय तालाब से निकलकर बच्चों, पशुओं या लोगों पर हमला कर सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तालाब में जाल लगाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने और उसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों में व्याप्त दहशत समाप्त हो सके। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी हलिया संतोष कुमार राय ने बताया कि वन कर्मियों की टीम मौके पर जा चुकी है ।