मां विंध्यवासिनी के धाम में अब क्यूआर कोड स्कैन कर दान, भक्तों को भी होगी सुविधा
विंध्यधाम में मां विंध्यवासिनी मंदिर में अब श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल दान कर रहे हैं। यह पहल चढ़ावा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और सुविधाज ...और पढ़ें

डिजिटल चढ़ावा की पहल से बढ़ेगी पारदर्शिता। जागरण
HighLights
विंध्यधाम में श्रद्धालुओं के लिए क्यूआर कोड से दान की सुविधा।
डिजिटल दान व्यवस्था से चढ़ावा अब अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक।
7 जून से शुरू हुई पहल, अब तक 18 हजार रुपये ऑनलाइन प्राप्त।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। विंध्य धाम में अब आस्था भी डिजिटल हो रही है। मां विंध्यवासिनी के दरबार में दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालु अब केवल दानपात्र में नकद ही नहीं, बल्कि मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके भी चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं। जिला प्रशासन की इस पहल ने चढ़ावा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक बना दिया है।
सात जून से शुरू हुई क्यूआर कोड आधारित दान व्यवस्था को श्रद्धालुओं का लगातार समर्थन मिल रहा है। अब तक करीब 18 हजार रुपये आनलाइन चढ़ावा के रूप में प्राप्त हो चुके हैं। मंदिर परिसर में जगह-जगह लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से श्रद्धालु कुछ ही सेकेंड में अपनी श्रद्धानुसार चढ़ावा मां को अर्पित कर रहे हैं। प्रशासन भी अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
मां विंध्यवासिनी, मां काली खोह और मां अष्टभुजा धाम का त्रिकोण देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। चैत्र और शारदीय नवरात्र में यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर विंध्यधाम में हुए व्यापक विकास कार्यों के बीच अब धार्मिक व्यवस्थाओं को भी आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- विंध्याचल में स्नान के दौरान गंगा में युवक डूबा, परिजनों में मची चीख- पुकार पुलिस की खोजबीन जारी
सीधे खाते में पहुंच रहा चढ़ावा
डिजिटल दान व्यवस्था से चढ़ावे की राशि सीधे विंध्य धाम तीर्थ विकास परिषद के बैंक खाते में पहुंच रही है। इससे दान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी है, नकदी के रखरखाव की आवश्यकता कम हुई है और श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित व आसान विकल्प मिल गया है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में आनलाइन दान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी।
खबरें और भी
श्रद्धालुओं की सुविधा और दान व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विंध्य धाम में क्यूआर कोड के माध्यम से आनलाइन चढ़ावा की सुविधा शुरू की गई है। श्रद्धालु अब नकद के साथ डिजिटल माध्यम से भी अपनी श्रद्धानुसार चढ़ावा चढ़ा कर सकते हैं। आनलाइन प्राप्त होने वाली राशि सीधे विंध्य धाम तीर्थ विकास परिषद के खाते में जमा होती है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित रहती है। श्रद्धालुओं की इस व्यवस्था के प्रति अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है। उन्हें डिजिटल चढ़ावा के लिए लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।
-अविनाश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट, सचिव विंध्य धाम तीर्थ विकास परिषद।