बरेली एक्सप्रेस के AC कोच में भाजपा चेयरमैन की बेटी का चोरों ने काटा बैग, 27 लाख के जेवर और नकदी पार
भाजपा चेयरमैन की बेटी के साथ बरेली एक्सप्रेस ट्रेन में 27 लाख रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ससुराल से बरेली एक्सप्रेस ट्रेन के थर्ड एसी कोच में सवार होकर मायके आ रही बदायूं के फैजगंज बेहटा नगर पंचायत के भाजपा चेयरमैन की बेटी के बैग से जेवरात और नकदी चोरी कर लिए।
महिला मुंबई से अपनी तीन बेटियों के साथ आ रही थी। चोरों ने घटना को अंजाम बैग को किसी धारदार हथियार से काटकर रात में दिया है। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई। मामले का शिकायती पत्र मुरादाबाद में एसपी जीआरपी को दिया, जिसके बाद अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी लिख ली गई।
बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा नगर पंचायत से भाजपा से चेयरमैन इसरार खां ने अपनी बेटी तब्बसुम की शादी मुंबई के चप्पल वाली गली मोहम्मद अली रोड निवासी करीब खान के साथ की थी। करीब खान मुंबई में जूस की दुकान चलाते हैं।
अब स्कूलों की छुट्टी हो गई थी। ऐसे में तब्बसुम अपनी तीन बेटियों के साथ मायके फैजगंज बेहटा आ रही थी। वह 27 अप्रैल की सुबह मुंबई से बरेली एक्सप्रेस ट्रेन में चंदौसी के लिए रवाना हुई। वह ट्रेन की थर्ड एसी कोच में सवार थी। ट्रेन रात करीब 12 बजे जब भोपाल रेलवे स्टेशन से निकली तो वह सो गई। बैग सीट के नीचे रखा था।
बैग के चेन में ताला लगा हुआ था। रात में किसी वक्त चोरों ने चार सोने की चूड़ी, तीन चेन, तीन जोड़ी कानों के बुंदे समेत करीब 17 तोले सोने के जेवरात और 1.25 लाख रुपये की नकदी समेत करीब 27 लाख रुपये का माल समेट लिया।
खबरें और भी
28 अप्रैल को सुबह जब वह सोकर उठी और कुछ सामान निकालने के लिए बैग को सीट के नीचे निकाला तो वह कटा हुआ था। जेवरात और नकदी गायब थी। यह देख उन्होंने शोर मचा दिया।
कोच में सवार अन्य यात्री भी पहुंच गए। जीआरपी पुलिस को भी बुला लिया गया। वह ट्रेन से चंदौसी रेलवे स्टेशन पर उतरी और मामले की जानकारी अपने पिता को दी। वह भी पहुंच गए। इसके बाद महिला अपने पिता के साथ मुरादाबाद पहुंची और मामले का शिकायती पत्र एसपी जीआरपी को दिया। प्राथमिकी लिखकर पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है।