Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुरादाबाद BJP में मची रार! होर्डिंग से गायब की प्रदेश उपाध्यक्ष की फोटो, 'सफेद कागज' ने खोली गुटबाजी की पोल

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 01:49 PM (IST)

    मुरादाबाद भाजपा में गुटबाजी खुलकर सामने आई है, जहां क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत में लगे होर्डिंग्स पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव की तस्वीर पर सफेद का ...और पढ़ें

    सर्किट हाउस के बाहर लगी होर्डिंग पर जिला प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के फोटो पर चस्पा सफेद कागज। जागरण

    सर्किट हाउस के बाहर लगी होर्डिंग पर जिला प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव के फोटो पर चस्पा सफेद कागज। जागरण

    HighLights

    1. क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत पर जगह-जगह लगाईं गईं थी होर्डिग्स व बैनर

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। एक प्रचलित कहावत है कि 'जिनके घर शीशे के होते हैं, वो दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंका करते'। राजनीतिक परिदृश्य में यह कहावत हर काल खंड में प्रासंगिक है। समाजवादी पार्टी में फैली रार पर नसीहत देने वाली भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन में फैली रार हर दिन बढ़ती जा रही है। नौबत यहां तक आ गई है कि क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के स्वागत में शहर में लगे होर्डिंग्स-बैनर को राजनीतिक अखाड़ा बना दिया गया।

    क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा वाली होर्डिग्स में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजेश यादव एवं जिलाध्यक्ष आकाश पाल का चित्र है, मगर राजेश यादव के हर फोटो पर सफेद कागज चस्पा कर दिया गया।

    बाद में यह फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी गईं जिससे भाजपाइयों में अंदरखाने एक-दूसरे के बीच चल रहा झगड़ा सार्वजनिक मंच पर आ गया है। मगर, भाजपाई इसे विरोधी की साजिश बताकर मामले को दबाने में लगे हैं। इस संबंध में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया मगर उनसे संपर्क नहीं हो सका।

    29 जून को शहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर भाजपाइयों की ओर से शहर में होर्डिग्स-बैनर लगाए गए थे। विशेष रूप से कांठ रोड व दिल्ली रोड पर। हाल में ही प्रदेश कार्यकारिणी एवं क्षेत्रीय कार्यकारिणी भी घोषित हुई जिसमें नवाब सिंह नागर को क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

    खबरें और भी

    जिला प्रभारी राजेश यादव को प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाया गया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष का शहर में आगमन भी तय था। लिहाजा, क्षेत्रीय अध्यक्ष के पहली बार शहर आगमन पर उनके स्वागत में भी होर्डिग्स बैनर लगाए गए। जिसमें दिल्ली रोड स्थित क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा वाली होर्डिग्स चर्चा का विषय बन गईं।

    होर्डिग्स में उनके बराबर में उनसे बड़ा क्षेत्रीय अध्यक्ष का फोटो है। ऊपर एक ओर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव और जिला अध्यक्ष आकाश पाल का फोटो है। मगर, राजेश यादव के हर फोटो पर सफेद कागज चस्पा कर दिया जबकि अन्य की ओर से लगी होर्डिग्स में राजेश यादव का चित्र स्पष्ट है।

    उसमें किसी तरह की कोई छेड़छाड़ नही की गई है। यह पहला अवसर नहीं है जब राजेश यादव के नाम को लेकर भाजपा जिला संगठन में यह स्थिति उत्पन्न हुई हो। जिला व महानगर कार्यकारिणी के समय राजेश यादव ओवरआल जिले के प्रभारी थे।

    उस समय भी भाजपाइयों में कलह उजागर हुई थी। मामला लखनऊ तक पहुंचा था। भाजपा की एक पूरी लाबी पक्ष में थी जबकि दूसरी विरोध में। प्रदेश संगठन ने बीच का रास्ता निकालकर झगड़ा निपटाया।

    महानगर में सर्वाधिक विरोध के चलते वहां से उनकी छुट्टी कर सिर्फ जिले का प्रभारी बनाया गया। महानगर की जिम्मेदारी मोहन लाल सैनी को सौंप दी गई। काफी वक्त तक नए कार्य बंटवारे को लेकर भी झगड़ा बना रहा था। बहरहाल, भाजपा संगठन में भी गुटबाजी चरम पर है।

     

    होर्डिग्स मेरी ओर से लगवाई गईं थी। किसी ने राजनीतिक द्वेष से यह कृत्य किया है। जिससे एक-दूसरे में दूरियां बढ़ाई जा सकें। किसने यह षड्यंत्र किया है। उसकी जांच कराई जा रही है।

    - आकाश पाल, जिलाध्यक्ष, भाजपा

     

    विपक्षी की यह सोची समझी साजिश है। राजेश यादव का मन खराब करने के लिए विरोधी ने यह कृत्य किय है। राजेश यादव से स्वयं इस संबंध में बात की है। यह पूरी तरह गलत है।

    - हरिओम शर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री, भाजपा


    यह भी पढ़ें- बरेली-मुरादाबाद रेलखंड पर दोहरा रेल ब्लॉक: दिल्ली-मुंबई की 6 ट्रेनें निरस्त, कई रूट बदले