पांचवीं के छात्र ने पार्क के लिए सीएम योगी को लिखी पाती, बिलारी को मिला बहुउद्देशीय खेल परिसर
पांचवीं के छात्र ऐदान की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखी पाती के बाद मुरादाबाद के बिलारी में बहुउद्देशीय खेल परिसर को मंजूरी मिल गई है। इस पहल से ब ...और पढ़ें

सीएम को पत्र भेजने वाला छात्र।
HighLights
पांचवीं के छात्र ऐदान ने सीएम को लिखी पाती।
बिलारी में बहुउद्देशीय खेल परिसर को मिली मंजूरी।
वार्ड 25 जूनियर हाई स्कूल मैदान पर होगा निर्माण।
संवाद सहयोगी, बिलारी (मुरादाबाद)। यहां नारे नहीं थे, न ही कोई प्रदर्शन और शिकायत। बस एक उम्मीद थी पांचवीं के छात्र ऐदान की। उसने बाल प्रेमी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पाती लिखी। इस पर ‘बच्चों को पार्क में खेलने दीजिए...।’ लोगों से अपील करने वाले सीएम योगी के कार्यालय ने उसकी भावनाएं समझीं। सरकारी तंत्र सक्रिय हुआ। मुरादाबाद जिले के बिलारी कस्बे को बहुउद्देशीय खेल परिसर मिल गया। वार्ड 25 स्थित जूनियर हाई स्कूल के खेल मैदान पर इसका निर्माण होगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगीता गौतम ने बताया कि प्रस्ताव भेजा गया था। इसे वैश्विक नगरोदय योजना के तहत शासन से मंजूरी मिल गई है।
मुरादाबाद में अभिभावक ने 19 जून को आईजीआरएस पर डाला था पत्र
बिलारी के मुहल्ला बाजार निवासी मुहम्मद जीशान पाशा का बेटा मुहम्मद ऐदान पांचवीं का छात्र है। 19 जून को एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आइजीआरएस) पर पिता ने बेटे की पाती प्रेषित की। जून में हस्तलिखित पाती में ऐदान ने लिखा था- ‘पार्क न होने पर घर की चहारदीवारी के भीतर ही गर्मियों की छुट्टियां बितानी पड़ीं। ऐसे में पार्क का इंतजाम तो करा दीजिए।’ इससे बच्चों और बुजुर्गों को असुविधा होती है। पत्र का संज्ञान लेकर जिले से पार्क के लिए प्रस्ताव मांगा गया।
बच्चों के चेहरे पर छाई खुशियां
नगर पालिका परिषद बिलारी की अधिशासी अधिकारी रजनी सिंह ने फोन कर जब बच्चे के परिवार को यह जानकारी दी तो ऐदान और परिवार ही नहीं, मुहल्ले व आसपास के लोगों के भी चेहरे खुशी से खिल गए। ईओ ने बताया कि मुख्यमंत्री के उप सचिव रामगोपाल सिंह ने मामले में संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मुरादाबाद को पत्र प्रेषित कर तत्काल स्थानीय स्थिति की रिपोर्ट मांगी।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने सर्किट हाउस आगरा में किया डिनर: पनीर पकौड़ा को इनकार, लौकी-तोरई की सब्जी के साथ चखा खीर का स्वाद
शासन ने पत्र का संज्ञान लेकर अफसरों से मांगा था प्रस्ताव रिपोर्ट पहुंचते ही सौगात पर मुहर
इसके बाद अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगीता गौतम और नगर पालिका परिषद बिलारी की ईओ रजनी सिंह ने ऐदान के परिवार को पत्र भेजकर मामले की प्रशासनिक प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बिलारी के वार्ड संख्या 25 स्थित जूनियर हाई स्कूल के खेल मैदान (गाटा संख्या 720) में नए बहुउद्देशीय खेल परिसर का प्रस्ताव मंजूर हुआ।