विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में बड़ा हादसा: पतंग पकड़ने की जि‍द में 12 साल के पुष्कर की दर्दनाक मौत, हाईटेंशन लाइन से चिपका

Published: Sun, 16 Aug 2026 10:29 PM (IST)

मुरादाबाद की हिमगिरी कॉलोनी में पतंग पकड़ने की कोशिश में 12 वर्षीय पुष्कर यादव की हाईटेंशन लाइन की चपेट में ...और पढ़ें

छात्र की मौत के बाद रोते बिलखते मृतक के स्वजन व उपस्थित पार्षद सहित अन्य और इनसेट में मृतक छात्र पुष्‍कर की फाइल फोटो

छात्र की मौत के बाद रोते बिलखते मृतक के स्वजन व उपस्थित पार्षद सहित अन्य और इनसेट में मृतक छात्र पुष्‍कर की फाइल फोटो

HighLights

  1. शहर की हिमगिरी कालोनी में अपराह्न 3:30 बजे का हादसा, क्षेत्र में मची खलबली

  2. हाईटेंशन लाइन के नीचे नहीं लगी गार्डिंग, मकानों से सटकर निकल रही लाइनें

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सिविल लाइंस के हिमगिरी कालोनी में किशोर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। 12 वर्षीय किशोर के हाईटेंशन लाइन से चिपकता देख क्षेत्र में हलचल मच गई। मिठाई की दुकान के बाहर खड़े लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई। उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हाईटेंशन लाइन मकानों से सटी होने की वजह से हर समय खतरे का अंदेशा रहता था। कई बार बिजली अधिकारियों से भी क्षेत्र के लोगों ने कहा लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। नतीजा, किशोर की मौत के रूप में देखने को मिला।

कांठ रोड रामगंगा विहार मोड़ पर हिमगिरी निवासी दीपक कुमार यादव मूंग की दाल का ठेला लगाते हैं। रविवार को अपराह्न 3:30 बजे उनका 12 वर्षीय बेटा पुष्कर यादव घर का कुछ सामान लेने गया था। उसकी नजर पतंग पर थी। वह गुप्ता मिष्ठान भंडार के बराबर जीने से ऊपर चढ़ा तो दुकान स्वामी की पत्नी ने आवाज देकर रोकने का प्रयास किया।

लेकिन, पुष्कर यह कहते हुए कि आंटी एक मिनट में आया कहता हुआ ऊपर चढ़ गया। हाईटेंशन लाइन छत से सटी थी। पतंग हाईटेंशन लाइन में फंसी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने जैसे ही पतंग निकालने का प्रयास किया तो वह लाइन की चपेट में आ गया।

तेज धमाके की आवाज से सबने ऊपर देखा तो हर कोई दंग रह गया। शोर मच गया। आनन-फानन में बिजली उपकेंद्र से आपूर्ति बंद कराई गई। हरथला चौकी इंचार्ज योगेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। किशोर को बिजली लाइन से हटाकर जिला अस्पताल ले गए।

वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्कर चित्रगुप्त इंटर कालेज में कक्षा छह का छात्र था और तीन बहनों में सबसे छोटा था। मां रीमा यादव का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर की मौत हुई है।

भैंसिया में भी हाईटेंशन लाइन से हो चुकी हैं किशोरी की मौत

बिजली विभाग के अधिकारी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं देते हैं। छह जुलाई की रात कटघर क्षेत्र के भैंसिया गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया था। इसकी चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी आलिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से झुलस गई थी। अगले दिन बिजली अधिकारियों ने दावा किया था कि तारों की गार्डिंग और अन्य व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। लेकिन, वहां अब तक कोई कार्य नहीं कराया गया है।

बिना गार्डिंग हाईटेंशन लाइनें बनीं खतरा

कांठ रोड की हिमगिरी कालोनी समेत अन्य क्षेत्रों में हाईटेंशन लाइनों की गार्डिंग नहीं है। साथ ही मकानों से सटकर लाइनें निकलने की वजह से हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। 12 वर्षीय किशोर पुष्कर की मौत भी प्रथम तल की आधी दीवार से सटकर निकलने की वजह से हुई है। वहीं, गुलाबबाड़ी से रामपुर दोराहा और अक्का डिलारी से भैंसिया गांव तक कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइनों में गार्डिंग नहीं है। ग्रामीण भी बिजली अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं कि तारों की गार्डिंग और मकानों से दूर किया जाए।

 

मकानों के बराबर से सटकर निकल रहीं हाईटेंशन लाइनों के बारे में बिजली अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई। लेकिन, इन्हें किसी की मौत और जिंदगी से कोई मतलब नहीं है। पहले जाग जाते तो यह हादसा नहीं होता।

- चंद्रभान गुर्जर, पार्षद वार्ड आठ

 

किशोर की मौत का हमें भी दुख है। हाईटेंशन लाइन अपनी जगह पर हैं। मकान से भी ठीक दूरी है। जो फोटो मैंने देखें हैं उसके हिसाब से लोगों ने अपने-अपने मकान के छज्जे बढ़ा रखे हैं। प्रतिबंधित मांझे में भी करंट आ जाता है। लोगों से यही अपील करूंगा कि अपने छज्जे हाईटेंशन लाइन तक न बढ़ाएं।

- प्रशांत कुमार, अधीक्षण अभियंता शहर


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: काली माता मंदिर पर कब्जे की साजिश! पूर्व महंत सज्जनगिरि 6 साथियों संग अरेस्ट, सीसीटीवी तोड़े