विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद: काली माता मंदिर पर कब्जे की साजिश! पूर्व महंत सज्जनगिरि 6 साथियों संग अरेस्ट, सीसीटीवी तोड़े

Published: Sun, 16 Aug 2026 02:42 PM (IST)Updated: Sun, 16 Aug 2026 08:48 PM (IST)

मुरादाबाद के लालबाग स्थित काली माता मंदिर पर कब्जा करने की कोशिश में पूर्व महंत सज्जनगिरि और उनके छह साथियों ...और पढ़ें

लालबाग काली माता मंदिर में पूर्व महंत सज्जन गिरी और शिष्य पवन गिरी को गद्दी पर देख हिरासत में लेकर जाते पुलिसकर्मी।

लालबाग काली माता मंदिर में पूर्व महंत सज्जन गिरी और शिष्य पवन गिरी को गद्दी पर देख हिरासत में लेकर जाते पुलिसकर्मी।

HighLights

  1. महंत विनय गिरि के साथ की मारपीट, मंदिर के तोड़े सीसीटीवी, जमकर काटा हंगामा

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। लालबाग स्थित शक्तिपीठ काली माता मंदिर की गद्दी कब्जाने की नियत से पूर्व महंत सज्जनगिरि साथियों संग जा धमके। मंदिर में महंत विनयगिरि के साथ मारपीट करते हुए सीसीटीवी तोड़ डाले। डीवीआर नष्ट कर दी। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लेकर जैसे-तैसे स्थिति नियंत्रित की। आरोपितों के विरुद्ध दो अलग-अलग प्राथमिकी लिखीं गईं।

महंत कंचन गिरी की ओर से लिखाई गई पहली प्राथमिकी में सात आरोपितों पूर्व महंत सज्जन सिंह (सज्जनगिरि), पवन गिरि, अमन सिंह, ड्राइवर अनुराग सिंह, विशाल, अभय सिंह, आर्यन सिंह को नामजद किया गया। सातों आरोपितों को जेल भेज दिया गया।

चाकू बरामदगी पर दूसरी प्राथमिकी दारोगा श्रीओम शुक्ला की ओर से आरोपित अभय सिंह, विशाल सिंह, आर्यन सिंह, अनुराग सिंह चौहान व अमन सिंह के विरुद्ध आयुध अधिनियम में लिखाई गई।

महंत कंचन गिरी की ओर से लिखाई गई प्राथमिकी में बताया गया कि 15 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 11 बजे अखाड़े द्वारा निष्कासित सज्जनगिरि निवासी बंथरा लखनऊ, पवन गिरि, अमन सिंह, ड्राइवर अनुराग सिंह, विशाल, अभय सिंह, आर्यन सिंह संग आ धमके। महंत विनय गिरि के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मंदिर के सीसीटीवी व डीवीआर काे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। मंदिर में मौजूद महंता की लाठी-डंडों व लात-घूसों से पिटाई की गई। घटना से महंत विनयगिरी प महंत महाकाल गिरि घबरा गए। इतने में ही सज्जन गिरि का एक भतीजा विशाल सिंह कमरे में घुस गया और मारपीट, गाली-गलौच के साथ तोड़फोड़ शुरू कर दी।

महंताें के शोर मचाने पर दर्शनार्थियों व मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। उनकी मदद से जैसे-तैसे सभी की जान बची। पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित भागने लगे। जिसके बाद घेराबंदी पर पकड़े गए। दूसरे मुकदमे में नामजद पांच आरोपित पुलिस से बचने के लिए जीआइसी खंडहर में छिप गए।

दबिश में पांचों पकड़े गए। तलाशी में उनके पास से चाकू बरामद हुए। मतलब आरोपित पूरी तैयारी से आए थे। महंत के शिकायती पत्र पर सातों आरोपितों के विरुद्ध साधारण चोट, धमकी, बलवा, तोड़फोड़, घर में घुसकर हमला की धाराओं में प्राथमिकी लिखी गई।

महंत समेत सातों आरोपितों को जेल भेज दिया गया। इधर, घटना की जानकारी पर कानपुर के आनंदेश्वर मंदिर से अंतरराष्ट्रीय जूना अखाड़े के प्रवक्ता कंचन गिरि और मंदिर का प्रबंधन देख रहे महाकाल गिरि रविवार सुबह मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने मुगलपुरा सीओ और थाना प्रभारी से मुलाकात की।

दो महंताें पर गिरि गाज, किए गए स्थानांतरित

प्रकरण के बाद मंदिर के दो महंतों पर भी गाज गिर गई। उन्हें स्थानांतरित कर दिया गया। गंगा मंदिर के महंत महादेवानंदगिरि व सिद्धपीठ नौ देवी के महंत महेशानंदगिरि को हरिद्वार स्थित मायादेवी मंदिर स्थानांतरित किया गया है। एक अगस्त को वाराणसी से भेजे गए विनय गिरि ने व्यवस्था संभाली तो उन्हें तीनों मंदिरों में अव्यवस्थाएं मिलीं थी जिसकी जानकारी उन्होंने जूना अखाड़े के शीर्ष नेतृत्व को दी थी।

 

मंदिर में घटना को लेकर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मंदिर की व्यवस्था में परिवर्तन जूना अखाड़ा ने प्रशासन की जांच के बाद ही लिया था। नियमानुसार महंत यहां आसीन हैं।

- कंचन गिरि, प्रवक्ता, अंतरराष्ट्रीय जूना अखाड़ा

 

मामले में दो प्राथमिकी दर्ज हुई है। एक महंत की ओर से कराई गई गई, दूसरी पुलिस की ओर से। सज्जनगिरि समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

- कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: महिला VDO से अभद्रता व धमकी में भाजपा समर्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय वीर समेत 4 पर FIR