विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में दरिंदगी की कोशिश, तेजाब फेंकने की धमकी से सहमी छात्रा ने छोड़ा कॉलेज

Published: Mon, 05 Oct 2026 03:01 AM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2026 04:01 AM (IST)

मुरादाबाद में कॉलेज से घर लौट रही छात्रा को दो युवकों ने घेरकर बाइक पर बैठाने का प्रयास किया और ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. कॉलेज छात्रा को बाइक सवारों ने घेरकर तेजाब की धमकी दी।

  2. शादी न करने पर चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी मिली।

  3. डर के कारण छात्रा ने कॉलेज जाना बंद किया, FIR दर्ज।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। डिलारी में कॉलेज से सहेली के साथ घर आ रही छात्रा को बाइक सवार दो युवकों ने घेर लिया। जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। एक युवक बोला मुझसे शादी कर लें नहीं तो चेहरे पर तेजाब डाल दूंगा। धमकी सुन छात्रा घबरा गई और शोर मचा दिया। आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित भाग निकले।

पहले भी आरोपित छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपित उवैश और सारिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपितों की धमकी से परेशान छात्रा ने कालेज जाना बंद कर दिया है। घटना 30 सितंबर की है। छात्रा ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह पीलकपुर श्योराम स्थित गिरंद्र सिंह डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे छात्रा अपनी सहेली के साथ कालेज से पैदल ही घर आ रही थी।

जैसे ही वह पीलकपुर चौराहे पर पहुंची तो तभी गुलडिया माफी निवासी उवैश और सारिक बाइक से पहुंच गया। आरोपितों ने छात्रा को घेर लिया। बाइक पर बैठने के लिए कहने लगे। छात्रा ने मना किया तो आरोपित उवैश बोला तुझसे शादी कर ले, यदि मेरी बात नहीं मानी तो मैं तेरे ऊपर तेजाब डाल दूंगा। इसके बाद आरोपितों ने जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। लोगों की भीड़ जमा हो गई।

आरोपित मौके से भाग गए। किसी तरह छात्रा रोते हुए घर पहुंची। स्वजन को पूरे मामले की जानकारी दी। घटना के बाद से छात्रा ने डर के कारण कालेज जाना बंद कर दिया। दो अक्टूबर को परिवार के लोग छात्रा के साथ थाने पहुंचे और शिकायती पत्र दिया। छात्रा का आरोप है कि आरोपित पहले भी कई बार छेड़छाड़ कर चुका है।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

यह भी पढ़ें- डीएम के बाद एडीएम-एसडीएम का भी ट्रांसफर, डीएम अनुनय झा के बाद हरदाेई से ही आए दोनों अफसर