डीएम के बाद एडीएम-एसडीएम का भी ट्रांसफर, डीएम अनुनय झा के बाद हरदाेई से ही आए दोनों अफसर
मुरादाबाद में प्रशासनिक फेरबदल जारी है, जहां डीएम के बाद अब एडीएम प्रशासन संगीता गौतम और एसडीएम मयंक कुंडू का भी तबादला हो गया है।

प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी (बाएं) और मयंक कुंडू (दाएं)।
HighLights
डीएम के बाद एडीएम संगीता गौतम का भी तबादला हुआ।
हरदोई से आए प्रफुल्ल त्रिपाठी नए एडीएम प्रशासन बने।
मयंक कुंडू को मुरादाबाद में एसडीएम की जिम्मेदारी मिली।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले की प्रशासनिक मशीनरी में उठापटक जारी है। 21 सितंबर को निवर्तमान डीएम डाॅ. राजेन्द्र पैंसिया का तबादला हुआ ही था कि 11 दिन बाद शनिवार को एडीएम प्रशासन संगीता गौतम का भी स्थानांतरण हो गया।
संयोग यह कि निवर्तमान डीएम के स्थानांतरण के बाद जैसे नवागत डीएम अनुनय झा हरदोई से आए। वैसे ही हरदोई में एडीएम न्यायिक के पद पर तैनात प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी को जिले में एडीएम प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कहानी यही सीमित नहीं है, हरदोई में ही तैनात 2024 बैच के पीसीएस अफसर मयंक कुंडू को एसडीएम के रूप में मुरादाबाद तैनाती मिली है। दोनों ही अफसर नवागत डीएम की गुडबुक में शामिल हैं।
चर्चा है कि नवागत डीएम की पैरवी से ही दोनों को जिले में तैनाती मिली है। जिसके बाद से जिले में अब हरदोई मॉडल सुर्खियों में है। संगीता गौतम को एडीएम सिटी अलीगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कौन हैं प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी?
नवागत एडीएम प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी प्रशासन मूलरूप से बस्ती के रहने वाले हैं। बतौर एसडीएम वह संतकबीरनगर, लखनऊ में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। लखनऊ में ही डिप्टी हाउसिंग कमिश्नर के बाद रायबरेली में एडीएम प्रशासन की भूमिका का निर्वाह कर चुके हैं। उसके बाद 31 अगस्त 2024 को उन्हें हरदोई में एडीएम न्यायिक की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवागत एडीएम प्रशासन की पत्नी एआरटीओ गाजियाबाद हैं।
एसडीएम मयंक कुंडू के नाम की भी चर्चा
नवागत एसडीएम मयंक कुंडू मूलरूप से हरियाणा के करनाल के रहने वाले हैं। हरदोई से पहले मुरादाबाद मंडल के ही जनपद बिजनौर में वह एसडीएम रह चुके हैं। ऐसे में बिजनौर की पोस्टिंग का उन्हें जिले में लाभ मिलेगा। जिले के प्रशासनिक अफसरों में चर्चा है कि उन्हें एसडीएम सदर बनाया जा सकता है। हालांकि, वर्तमान में एसडीएम सदर की जिम्मेदारी निभा रहे अभिषेक सिंह को भी ज्यादा वक्त नहीं हुआ है।
फिलहाल, जिले के प्रशासनिक अमले में लगातार ट्रांसफर पोस्टिंग से चर्चाओं का बाजार गर्म है क्योंकि जिले में राजेंद्र पैंसिया से पहले के जिलाधिकारियों का कार्यकाल लंबा रहा। एडीएम प्रशासन भी लंबे वक्त तक रहे।
28 अक्टूबर को संगीता गौतम जिले में एक साल का कार्यकाल पूरा करतीं, इससे पहले उनका भी स्थानांतरण हो गया। प्रशासनिक अमले में उनको लेकर एक जनप्रतिनिधि द्वारा शिकायत किये जाने की बात भी चर्चा में है। मगर, एडीएम सिटी जैसी जिम्मेदारी के चलते इस बात को बल नहीं मिला।
