Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुरादाबाद-बरेली सफर करने वालों की मौज! 122 KM का हाईवे होगा 6-लेन, बनेंगे नए फ्लाईओवर, बचेंगे 30 मिनट

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 11:35 PM (IST)

    मुरादाबाद-बरेली के बीच 122 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे अब छह लेन का होगा, जिससे यात्रा का समय 20-30 मिनट कम हो जाएगा। डीपीआर तैयार है और केंद्र सरकार क ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    HighLights

    1. रामपुर रोड जीरो प्वाइंट समेत ब्लैक स्पाट होंगे खत्म, नए फ्लाईओवर भी बनेंगे

    मोहसिन पाशा, मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-9) पर मुरादाबाद से बरेली के बीच 122 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाईवे को अब छह लेन में बदलने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलते ही भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य शुरू होगा। हाईवे छह लेन बनने के बाद मुरादाबाद से बरेली के बीच यात्रा और अधिक सुगम होगी।

    वर्तमान में सामान्य दिनों में यह दूरी तय करने में करीब दो से ढाई घंटे लग जाते हैं, जबकि भारी ट्रैफिक के समय इससे अधिक समय लगता है। चौड़ीकरण, फ्लाईओवर और सर्विस रोड बनने के बाद यात्रा का समय 20 से 30 मिनट तक कम हो सकता है। भारी वाहनों और स्थानीय ट्रैफिक के अलग होने से जाम घटेगा, ईंधन की बचत होगी और हादसों में होने वाले मौतों के आंकड़े भी घटेंगे।

    एनएचएआई के अनुसार, दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर प्रतिदिन करीब 35 हजार पीसीयू (पैसेंजर कार यूनिट) का दबाव है, जबकि चार लेन हाईवे की क्षमता 10 हजार पीसीयू और छह लेन की मानक क्षमता 20 हजार पीसीयू मानी जाती है। अगले 10-15 वर्षों की यातायात आवश्यकता को देखते हुए हाईवे का चौड़ीकरण जरूरी हो गया है।

    छह लेन हाईवे बनने के बाद इसकी कुल चौड़ाई लगभग 45 से 60 मीटर (करीब 150 से 200 फीट) तक होगी। इसमें छह मुख्य लेन, चौड़ा डिवाइडर, दोनों ओर पक्के शोल्डर और अधिकांश हिस्सों में सर्विस रोड शामिल होगी। हाईवे के दोनों किनारे स्थानीय यातायात के लिए अलग सर्विस रोड बनाई जाएगी, जिससे गांवों और कस्बों के लोगों को सीधे हाईवे पर नहीं चढ़ना पड़ेगा और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा।

    खबरें और भी

    परियोजना के तहत रामपुर रोड जीरो प्वाइंट पर फ्लाईओवर बनेगा। यहां तीव्र मोड़ होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं। यह स्थान लंबे समय से ब्लैक स्पाॅट है। ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं होने की समस्या हमेशा बनी रहती हैं। भदासना हवाई अड्डे की ओर जाने वाले कट, छपर्रा के सामने वाली रोड को सुरक्षित बनाया जाएगा। यहां यू-टर्न और कट की डिजाइन बदल कर दुर्घटना की संभावना कम की जाएगी।

    इस मार्ग पर पहले ही दलपतपुर और धनेटा में दो नए छह लेन फ्लाईओवर को मंजूरी मिल चुकी है। दोनों स्थान ब्लैक स्पाट के रूप में चिह्नित हैं, जहां पिछले कुछ वर्षों में कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। इन दोनों फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 94 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इन्हें दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रामपुर और बरेली के आसपास भी यातायात में सुधार के लिए कार्य होने हैं।

    फतेहगंज पश्चिमी को जाने वाले रास्ते के सामने मोड़ पर यातायात में सुधार पर काम होना है। पूरे मुरादाबाद-बरेली छह लेन परियोजना की लागत भूमि अधिग्रहण और डिजाइन के आधार पर तय होगी, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार 122 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण पर करीब 1,800 से 2,500 करोड़ रुपये तक खर्च आने की संभावना है। हाईवे के लिए भूमि के अधिग्रहण करने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

     

    मुरादाबाद-बरेली हाईवे को छह लेन करने के लिए डीपीआर तैयार की जा चुकी है। जमीन खरीदने के लिए सर्वे शुरू होने वाला है। प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी। सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार हमारी प्राथमिकता है।

    - अरविंद कुमार, परियोजना प्रबंधक, एनएचएआई, मुरादाबाद


    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे: इन 21 गांवों की जमीन पर रोक, सिर्फ 4-व्हीलर चलेंगे; जानें पूरा रूट