मुरादाबाद में तेज रफ्तार का कहर, कार की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे; सास-बहू की मौत
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा-ढकिया मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सास लज्जावती और बहू सोना की मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर।
हादसे में सास लज्जावती और बहू सोना की मौत।
बाइक चालक रवि गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, जागरण, मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा-ढकिया मार्ग पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार सास-बहू की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद से स्वजन में चीख पुकार मची है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव पत्थरखेड़ा गांवड़ी निवासी रवि (32) अपनी मां लज्जावती (55) और पत्नी सोना (30) के साथ बाइक से तहसील मुख्यालय जा रहे थे। जैसे ही वे ठाकुरद्वारा-ढकिया मार्ग पर पसियापुरा पदार्थ गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज गति से आ रही ऑल्टो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा पहुंचाया।
जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद लज्जावती को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि और उसकी पत्नी सोना की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान सोना ने भी दम तोड़ दिया, जबकि रवि का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- आगरा में कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया रिसाव से हड़कंप... कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ी, पुलिस ने 10 KM का इलाका किया सील
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार व बाइक को कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी मनोज परमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्वजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक ही परिवार की दो महिलाओं की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है।