मुरादाबाद: अस्पताल के अंदर चल रही थी तंत्र-विद्या, गड्ढा खोदा तो निकला कुछ ऐसा कि उड़ गए होश
मुरादाबाद में पुलिस ने एक अस्पताल संचालक को तंत्र-विद्या के नाम पर जमीन से सोना निकालने का झांसा देकर ठगी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में तंत्र विद्या कर लोगो को ठगने वाला गिरोह
HighLights
पहले रुपये लेने के बाद भी मांग रहे थे 20 हजार, हुई मारपीट
संवाद सूत्र, पाकबड़ा (मुरादाबाद)। अस्पताल संचालक को झांसे में लेकर तंत्र विद्या कर जमीन से सोना निकालने के नाम पर रुपये ठगने वाले गिरोह के पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अस्पताल संचालक और ठगों के गिरोह में तंत्र विद्या के दौरान रुपये को लेकर मारपीट हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर आरोपितों को गिरफ्तार किया।
संभल के असमोली क्षेत्र के इटायला माफी गांव निवासी मुंशाद का पाकबड़ा क्षेत्र के भाड़ली गांव में एचएनपी नाम से एक निजी अस्पताल है। जो पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है। करीब पांच महीने पहले मुंशाद की मुलाकात याकूब और जुबैर से हुई। दोनों ने मुंशाद को भरोसा दिलाया कि उसकी चल रही परेशानियों को तंत्र विद्या के जरिए दूर किया जा सकता है।
इसके लिए उन्होंने शुरुआती तौर पर 15 हजार रुपये की मांग की, जिसे मुंशाद ने दे दिया। इसके बाद दूसरी मुलाकात में याकूब और जुबैर अपने साथ निजामुद्दीन, शहजाद और शाहिद को भी लेकर आए। सभी ने मिलकर मुंशाद से बातचीत की और उसे अपने जाल में फंसाए रखा। बुधवार रात को पांचों आरोपित मुंशाद को उसके बंद पड़े अस्पताल में ले गए।
यहां पर उन्होंने तंत्र विद्या का सामान मंगवाया और जमीन में एक गड्ढा खोदकर कुछ दबाने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद आरोपितों ने मुंशाद से कहा कि जमीन के अंदर सोना दबा हुआ है, जिसे निकालने के लिए उसे 20 लाख रुपये देने होंगे। मुंशाद को शक हुआ और उसने पहले सोना निकालकर दिखाने की बात कही।
खबरें और भी
इस पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। जब मुंशाद और उसके साथियों ने गड्ढा खोदकर देखा तो उसमें सोने की जगह चाकलेट निकलीं। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए मुंशाद ने अपने 15 हजार रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपितों ने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को पकड़कर थाने ले आई।
पुलिस ने मुंशाद के शिकायती पत्र पर पुलिस ने निजामुद्दीन निवासी रतूपुरा असमोली संभल, शहजाद हुसैन निवासी पसियापुरा अजीमनगर रामपुर, शाहिद निवासी मोहल्ला खालसा कटोरा ताल थाना काशीपुर जिला उधमसिंह नगर उत्तराखंड, याकूब निवासी ढक्का नगलिया टांडा रामपुर और मोहम्मद जुबैर निवासी सहरिया जवाहर टांडा रामपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
आरोपितों के पास से पुलिस ने 15 हजार रुपये बरामद किए है। पुलिस को अंदेशा है कि इन्होंने अन्य लोगों से भी इस तरह ठगी की है। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।