दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर तड़के 5 बजे बड़ा हादसा: फ्लाईओवर पर ओवरटेक करते समय इको कार के उड़े परखच्चे, बरेली के दो मजदूरों की मौत
दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर दलपतपुर फ्लाईओवर के पास शुक्रवार सुबह एक इको कार और लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर ...और पढ़ें

इसी ट्रैक्टर ट्राॅली में घुसी थी कार और भिड़ंत में क्षतिग्रस्त इको कार
HighLights
मृतक व घायल सभी बरेली जनपद के, घायलों का सीएचसी में चल रहा है उपचार
जागरण संवाददाता, मूंढापांडे (मुरादाबाद)। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे आगे चल रहे लकड़ी भरी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से इको कार घुस गई। हादसे में बरेली निवासी सुमेर सिंह और साधूराम की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मूंढापांडे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली मौके पर छोड़कर भाग गया। सभी लोग हरियाणा से मजदूरी कर वापस अपने गांव लौट रहे थे।
बरेली जनपद के क्योलडिया क्षेत्र के विहारीपुर प्रीतमराम निवासी सुमेर सिंह, साधूराम, रामकुमार, पप्पू, हरिशंकर, राजकुमार समेत दस लोग करीब दो माह पहले हरियाणा के सोनीपत में धान की रोपाई करने के लिए गए थे। यह सभी सोनीपत में रहकर पिछले दो माह से किसानों के खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे।
अब धान की रोपाई का काम खत्म हो गया था। ऐसे में गुरुवार रात इन्होंने सोनीपत की एक इको कार किराये पर बरेली जाने के लिए कर ली। सभी दस लोग कार में सवार होकर बरेली के लिए चल दिए।
कार शुक्रवार को सुबह करीब पांच बजे जैसे ही मूंढापांडे क्षेत्र के दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर स्थित दलपतपुर फ्लाईओवर पर पहुंची तो आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली को इको कार चालक ओवरटेक करने लगा। तभी परिचालक की साइड ट्राली में पीछे से घुस गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से भाग गए।
हादसे में सुमेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मूंढापांडे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा। जहां डाक्टर ने साधूराम को भी मृत घोषित कर दिया। जबकि रामकुमार, पप्पू, हरिशंकर, राजकुमार का उपचार चल रहा है।
हालांकि इको कार में सवार पांच अन्य लोगों को चोट नहीं आई है। सूचना पर दोनों के स्वजन पहुंच गए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिए हैं। दोनों चालकों की तलाश में पुलिस लगी है। ओवरटेक करते समय हादसा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।