Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुरादाबाद में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात: गन्ने के खेत से अचानक निकला तेंदुआ और ले ली महिला की जान

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 03:39 PM (IST)

    मुरादाबाद के लालापुर पीपलसाना गांव में सोमवार दोपहर गन्ने के खेत में घात लगाए तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर उसे मार डाला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक इमेज

    प्रतीकात्मक इमेज

    HighLights

    1. ठाकुरद्वारा के लालापुर पीपलसाना गांव की घटना, खेत पर चारा लेने गई थी महिला

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव लालापुर पीपलसाना में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी।

    गांव निवासी संतोष देवी वीरेंद्र सिंह सोमवार दोपहर पशुओं के लिए चारा लेने खेतों की ओर गई थीं। बताया जा रहा है कि वह गन्ने के खेत के पास पहुंचीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। तेंदुए ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया।

    संतोष देवी की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और परिजन मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक तेंदुआ उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुका था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत में ही ओझल हो गया।

    जब तक लोग महिला के पास पहुंचे, उनकी मौत हो चुकी थी। दिनदहाड़े हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की।

    खबरें और भी

    वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर तेंदुए के पैरों के निशानों की तलाश की। आसपास के गन्ने के खेतों में कांबिंग कराई जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर पिंजरा लगाने और रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी भी की जा रही है।

    ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही थी। कई बार खेतों के आसपास तेंदुए के पदचिह्न और आवाजाही की सूचना वन विभाग को दी गई, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

    लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को तत्काल पकड़ने, प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता देने और क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद लालापुर पीपलसाना और आसपास के गांवों में भय का माहौल है तथा लोग अकेले खेतों में जाने से बच रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी रेल रूट पर बड़ा फैसला! गाजियाबाद-मुरादाबाद के बीच बिछेगी नई रेल लाइन, इन 46 गांवों के किसानों की जमीन जाएगी