मुरादाबाद हाईवे पर हादसा: झपकी आते ही डिवाइडर पर चढ़कर पलटी एंबुलेंस, चालक की दर्दनाक मौत
मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई, जिससे चालक उस्मान की मौत ...और पढ़ें

चालक उस्मान की फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात नोएडा से बरेली जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में चालक उस्मान और मरीज घायल हो गए। उपचार के दौरान चालक उस्मान की मौत हो गई। मरीज और उनके बेटे को पुलिस ने दूसरी एंबुलेंस से बरेली भेज दिया।
बरेली इज्जत नगर निवासी अबुजर खान के पिता शाहिद हसन को करीब सात दिन पहले ब्रेन हेमरेज हो गया था। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के पार्क हास्पिटल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार होने पर गुरुवार को अस्पताल से शाहिद हसन को डिस्चार्ज कर दिया था।
अबुजर खान ने पिता को बरेली ले जाने के लिए मूल रूप से हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र निवासी हसौड़ा व हाल निवासी लाल कुआं गाजियाबाद उस्मान की एंबुलेंस बुक की थी। वह गुरुवार की रात एंबुलेंस से मरीज शाहिद हसन को लेकर बरेली जा रहे थे।
जैसे ही एंबुलेंस दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित रामगंगा पुल पर पहुंची तो चालक को झपकी आ गई और एंबुलेंस डिवाइडर पर चढ़कर हाईवे पर पलट गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने एंबुलेंस से चालक और अन्य लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गए और मरीज व उनके बेटे को मामूली चोट आई। दोनों को पुलिस ने दूसरी एंबुलेंस से बरेली भेजा। जबकि चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार तड़के चालक उस्मान की उपचार के दौरान मौत हो गई।
