मुरादाबाद में बड़ा हादसा: धान की रोपाई के दौरान गिरी बिजली, 2 की मौत; इलाज न मिलने पर लोगों ने लगाया जाम
मुरादाबाद के मझोला में धान की रोपाई के दौरान बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। अस्पताल में इलाज न मिलने से गुस्साए लोगों ने टी ...और पढ़ें

मृतका विनीता और मृतक संतराम का फाइल फोटो
HighLights
युवतियां समेत सात लोग कर रहे थे मजदूरी पर खेत में धान की रोपाई
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र के गागन वाली मैनाठेर में थान की रोपाई करते समय पांच लोगों पर बिजली गिर गई। इससे युवती विनीता और बिजनौर निवासी संतराम की मौत हो गई। अस्पताल में उपचार नहीं मिलने पर गुस्साए लोगों ने टीपी नगर रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने एंबुलेंस मंगाकर तीनों को दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल में भर्ती कराया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गागन वाली मैनाठेर निवासी कई लोग मजदूरी पर धान की रोपाई का काम करते हैं।
बुधवार को गांव के ही हाजी मजलूम के खेत में धान की रोपाई होनी थी। उन्होंने धान की रोपाई के लिए गांव के ही दीपांशी पुत्री तेजपाल सैनी, सपना पुत्री श्यामवीर लोधी, कामिनी पुत्री रघुवीर लोधी, विनीता उर्फ सरस्वती पुत्री श्यामवीर, स्वाति पुत्री श्यामवीर और संतराम निवासी गांव मोहम्मद नगर उर्फ जोगीपुरा अफजलगढ़ बिजनौर 400 रुपये मजदूरी पर बुलाया था।
सुबह करीब सात बजे सभी लोग धान की रोपाई करने लगे। करीब दस बजे आसमान में बिजली तड़तड़ाई और गिर गई। इससे दीपांशी, सपना, कामिनी, विनीता और संतराम बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पांचों को टीपी नगर रोड स्थित सेलेक्ट हाॅस्पिटल ट्राॅमा सेंटर में लेकर पहुंचे।
आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई मौजूद नहीं था। उपचार नहीं होने के चलते विनीता उर्फ सरस्वती और संतराम ने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन ने हंगामा करना शुरू कर दिया। स्वजन तीनों झुलसों को दूसरे अस्पताल में ले जाने का प्रयास किया तो एंबुलेंस नहीं मिली। अस्पताल के कर्मचारियों ने एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराने की बात कही तो गुस्साए लोगों ने टीपी नगर रोड पर जाम लगा दिया।
खबरें और भी
सूचना पर मझोला पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस मंगाकर तीनों को साईं अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। इसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने दोेनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी क्राइम सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि बिजली गिरने से एक युवती और युवक की मौत हुई है। युवक संतराम बीते पांच साल से पत्नी के साथ गागन वाली मैनाठेर में किराये के मकान में रह रहे थे। यहीं पर दोनों पति पत्नी मजदूरी करते थे। अभी तक शिकायती पत्र नहीं मिला है। अगर शिकायती पत्र मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी।