पाकबड़ा में खौफनाक वारदात: शराब की दुकान पर पेंटर को बेरहमी से पीटा, 10 दिन जिंदगी से जंग लड़ने के बाद मौत
पाकबड़ा के उमरी सब्जीपुर गांव में शराब की दुकान पर दबंगों की पिटाई से घायल हुए पेंटर मुकेश की 10 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती कार ...और पढ़ें

वि लाप करते मृतक के स्वजन और इनसेट में मृतक मुकेश का फाइल फोटो।
HighLights
पेंटर की मौत के बाद ग्रामीणों ने कार्रवाई नहीं होने पर जमकर किया हंगामा
संवाद सूत्र, पाकबड़ा (मुरादाबाद)। गांव उमरी सब्जीपुर में शराब के नशे में दबंगों द्वारा की गई मारपीट में घायल हुए पेंटर मुकेश की मंगलवार सुबह सात बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के दस दिन बाद में भी मौत से पहले पुलिस द्वारा आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। करीब आधा घंटे तक हंगामा होता रहा। सीओ ने पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया।
पेंटर की गांव में स्थित शराब की दुकान पर 24 मई की रात पिटाई की गई थी। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर गांव के ही बड्डन को नामजद करते हुए एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक आरोपित को हिरासत में लिया है।
गांव उमरी सब्जीपुर निवासी मुकेश पेंटर थे। मुकेश के परिवार में पत्नी छाया, दो बेटे और तीन बेटियां है। मुकेश 24 मई को सुबह काम पर गए थे। रात में काम से वापस लौटे तो गांव में ही स्थित शराब की दुकान पर पहुंच गए। वहां पर पहले से ही गांव के बड्डन अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था।
जैसे ही उन्होंने मुकेश को देखा तो गाली गलौज करनी शुरू कर दी। विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी डंडे से पिटाई कर दी। इससे मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर स्वजन पहुंच गए। आरोपित धमकी देते हुए भाग गए। विवाद के बाद स्वजन घायल को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायती पत्र नहीं लिया और उपचार के लिए भेज दिया।
खबरें और भी
दस दिन गुजरने के बाद भी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की। उधर घायल का मुरादाबाद के लाल सिंह मेमोरियल मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार को सुबह मुकेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। स्वजन शव को लेकर गांव में पहुंचे। पुलिस द्वारा अब तक कार्रवाई नहीं होने पर हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना पर सीओ हाईवे राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक की पत्नी छाया के शिकायती पत्र पर गांव के ही बड्डन को नामजद करते हुए एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहले पुलिस को शिकायती पत्र नहीं दिया गया था। जिस पर हत्या का आरोप है, वह घायल का उपचार करा रहा था। इसलिए यह लोग पुलिस तक नहीं पहुंचे थे। एक आरोपित को हिरासत में ले लिया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
- कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद पुलिस का कारनामा: दो साल पहले मर चुके व्यक्ति का शांतिभंग में चालान, कोर्ट में हुई फजीहत