मुरादाबाद: किशोरी से छेड़छाड़ करने वाले अधेड़ की हिमाकत, पकड़ने आए दारोगा पर चाकू से किया जानलेवा हमला
मुरादाबाद के नागफनी में 13 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ के आरोपी अहसान ने उसे पकड़ने गए दारोगा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दारोगा घायल हो गए। ...और पढ़ें

पुलिस हिरासत में आरोपित अधेड़
HighLights
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। नागफनी क्षेत्र में बुधवार की देर शाम 52 वर्षीय व्यक्ति ने 13 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। किशोरी के स्वजन ने शिकायत की तो आरोपित के परिवार वालों ने मारपीट कर धमकी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित की घेराबंदी करनी शुरू कर दी।
दारोगा आरोपित को पकड़ने के लिए बढ़े तो उन पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस ने आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अहसान के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
नागफनी क्षेत्र निवासी महिला ने बुधवार देर शाम दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 13 साल की बेटी घर के पास खेल रही थी। उसी दौरान कहारो का मंदिर मोहल्ला निवासी विशेष समुदाय के आरोपित अहसान ने उसके साथ छेड़छाड़ की। किशोरी किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूट कर घर पहुंची और मां से शिकायत की।
इसके बाद किशोरी की मां और परिवार के लोग आरोपित के घर उसकी शिकायत लेकर गए तो आरोपित अहसान, उसकी बेटी नेहा और परिवार की दो अन्य महिलाओं ने किशोरी की मां और उसके परिवार वालों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
खबरें और भी
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दारोगा तेजेंद्र कुमार की टीम आरोपित की तलाश में जुट गई। पुलिस टीम आरोपित को तलाशने में लगी थी तभी देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की आरोपित अहसान चाकू लेकर किशोरी के घर के आसपास घूम रहा है। वह कोई घटना कर सकता है।
सूचना पर दारोगा टीम के साथ पहुंचे और आरोपित का पीछा करते हुए रामगंगा नदी किनारे तक पहुंच गए। वहां पुलिस टीम ने आरोपित को घेरा और पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपित ने चाकू से दारोगा तेजेंद्र कुमार के ऊपर जानलेवा हमला किया। हालांकि हाथ से उन्होंने चाकू रोक लिया, जिससे उनका बायां हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।
बाद में पुलिस ने आरोपित को बल प्रयोग करके दबोच लिया ओर थाने पर ले गई। घायल दारोगा ने जिला अस्पताल पहुंच कर अपना उपचार कराया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपित अहसान के खिलाफ दारोगा तेजेंद्र की ओर से जानलेवा हमला ओर आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इसके अलावा एक ओर मुकदमा किशोरी की मां के शिकायती पत्र पर आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने का लिखा गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।