मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू का चौथा केस, 71 साल के बुजुर्ग संक्रमित; दो दिन से सांस लेने में परेशानी
मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू का चौथा मामला सामने आया है, जिसमें 71 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले में स्वाइन फ्लू का चौथा मामला सामने आया है। सिविल लाइंस के रामगंगा विहार निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है।
बुजुर्ग को दो दिन पहले बुखार और सांस लेने में परेशानी होने पर भर्ती कराया गया था। लक्षणों को देखते हुए चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।
संक्रमण की पुष्टि के बाद मरीज को आगे के उपचार के लिए शुक्रवार सुबह भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। मरीज को पिछले करीब छह साल से हृदय की धड़कन कम होने की समस्या भी है। उम्र अधिक होने और सांस लेने में परेशानी के कारण चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
मुरादाबाद में इससे पहले तीन लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें आशियाना निवासी एमबीबीएस चिकित्सक, जिगर कालोनी निवासी महिला और एक अधिवक्ता की पत्नी शामिल हैं। चौथा मामला सामने आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, शरीर में दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है। बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
