विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेन-अल्फा के तेवरों से झुका प्रशासन! मुरादाबाद में स्कूल के सामने से हटेगी शराब दुकान, खुद पहुंचे DM

Published: Tue, 18 Aug 2026 10:36 PM (IST)

मुरादाबाद में बीएमडी पब्लिक स्कूल के पास शराब की दुकान के विरोध में छात्रों, अभिभावकों और महिलाओं ने प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

देशी शराब की दुकान को हटाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे स्कूली बच्चों को कार्रवाई का आश्वासन देते जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया। जागरण

देशी शराब की दुकान को हटाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे स्कूली बच्चों को कार्रवाई का आश्वासन देते जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया। जागरण

HighLights

  1. मंडी समिति गेट-2 के पास है देसी शराब की दुकान, 15 दिन पहले दिया गया था अल्टीमेटम

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मांगों को लेकर दिल्ली में जेन-जी के सफल प्रदर्शन के बाद जेन-अल्फा भी तर्कसंगत बातों संग अपने मुद्दे रख रहे हैं। मंगलवार को मुरादाबाद में जेन-अल्फा स्कूल सामने शराब दुकान के विरोध में सड़कों पर उतर आया। अभिभावक भी बच्चों के समर्थन में आगे आए तो क्षेत्र की महिलाओं ने भी प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

नतीजा यह हुआ कि अब तक नियमानुसार दुकान संचालन का तर्क देने वाली प्रशासनिक मशीनरी बैकफुट पर आ गई। स्थिति ना बिगड़े। लिहाजा, सीधे डीएम डाॅ. राजेन्द्र पैंसिया ही टीम संग मौके पर पहुंचे। जेन-अल्फा से संवाद कर समाधान निकाला।

दो टूक कहा कि बच्चों की पढ़ाई व भविष्य प्रथम है। ऐसे में दुकान यहां से हटेगी। शराब दुकान की कैंटीन तत्काल बंद करा दी गई। मंडी समिति गेट नंबर-2 पर देसी शराब की दुकान है। दुकान के बराबर में बीएमडी पब्लिक स्कूल है।

शराब की दुकान के चलते छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। इसी के चलते मुहल्ले के लोग शराब की दुकान को हटवाने की मांग को लेकर आंदोलित है। दो अगस्त को महिलाओं ने एकजुट होकर दुकान हटाने के लिए प्रदर्शन किया था।

मगर, आबकारी विभाग ने नियमावली का हवाला दिया और स्कूल बाद में बनने की बात कही। फिर भी क्षेत्र के लोगों ने सब्र रखा और 15 दिन का समय दिया। 15 दिन में कार्रवाई नहीं हाेने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी।

तय योजना अनुसार, मंगलवार को सभी एकजुट हुए जिसमें विद्यार्थियों (जेन-अल्फा) ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दुकान बंद कराकर धरने पर बैठ गए। दुकान हटवाने की मांग शुरू कर दी। जेल अल्फा के धरने पर बैठे होने की सूचना पर डीएम पहुंचे।

उन्होंने समस्या सुनीं और छात्र-छात्राओं से कहा कि आप सभी देश का भविष्य हैं। आप निश्चित होकर पढ़ाई करें। यह दुकान हट जाएगी। आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया। मगर, चेतावनी दी गई कि 15 दिन में दुकान नहीं हटाई गई तो दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कालोनी के पास ही लगने वाले मछली बाजार को भी स्थानांतरित किये जाने की मांग लोगों ने रखी।

 

कैंटीन को बंद करा दिया गया है। दुकान अनुज्ञापी को नोटिस जारी कर दूसरी जगह दुकान शिफ्ट करने के लिए कहा गया है।

- रविंद्र प्रताप सिंह, जिला आबकारी अधिकारी


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा हादसा: छत पर पतंग छुड़ाते समय पल्लवी को लगा करंट, इलाज के दौरान मौत