Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुरादाबाद महिला अस्पताल में सनसनी! 1 घंटे में 2 बार नवजात चोरी की कोशिश, 'अजान' और 'भीख' के बहाने घुसे आरोपी

    Updated: Tue, 19 May 2026 09:51 PM (IST)

    मुरादाबाद के महिला अस्पताल में एक घंटे के भीतर दो बार नवजात शिशु चोरी करने का प्रयास किया गया। एक महिला भीख मांगने के बहाने और एक युवक अजान देने के बह ...और पढ़ें

    महिला अस्पताल में बच्ची उठाकर ले जाने का प्रयास कर रहे युवक से पूछताछ करते पुलिस कर्मी। जागरण

    महिला अस्पताल में बच्ची उठाकर ले जाने का प्रयास कर रहे युवक से पूछताछ करते पुलिस कर्मी। जागरण

    HighLights

    1. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी, खंगाल रही आपराधिक इतिहास

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। महिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से एक घंटे में दो बार नवजात चोरी करने का प्रयास किया गया। पहले भीख मांगने के बहाने एक महिला सर्जिकल वार्ड में पहुंची। जिसे सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। दूसरी बार एक युवक नवजात को उठाकर चल दिया था। सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

    एक घंटे में दो बार नवजात शिशु के चोरी करने के प्रयास की घटना से अस्पताल में खलबली मच गई। युवक पुलिस हिरासत में है और उसके आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है। हालांकि, पुलिस महिला को हिरासत में लेने की बात से इन्कार कर रही है।

    मंगलवार को महिला अस्पताल में पहले एक महिला सर्जिकल वार्ड में जाकर बैठ गई। तीमारदारों ने नकाब लगाए महिला को बैठे देखा तो सुरक्षा कर्मियों को जानकारी दी। सुरक्षा कर्मियों ने पूछताछ की तो महिला ने खुद को भिखारी बताया और कहा कि वह भीख मांगने पहुंची थी।

    75983636

    उसके पास से मिले आधार कार्ड पर नाम साबरी, बटवाल अमरोहा का पता लिखा है। उसे सिविल लाइंस पुलिस को सौंप दिया गया। हालांकि पुलिस महिला को हिरासत में लेने की बात से इन्कार कर रही है। इस घटना के एक घंटे बाद एक युवक अस्पताल में बच्चे के कान में अजान फूंकने के बहाने घुस गया। उसने नवजात को उठाया और लेकर जाने लगा।

    खबरें और भी

    यह बच्चा सर्जिकल वार्ड की दूसरी मंजिल पर भर्ती इरशाद अली की पत्नी फरजाना का था। सोमवार को फरजाना ने बेटी को जन्म दिया था। घटना के समय इरशाद अस्पताल से बाहर आए थे और फरजाना सो रही थी। बगल में नवजात लेटी हुई थी।

    अनजान व्यक्ति नवजात को लेकर जाने लगा, तो वार्ड में दूसरे लोगों ने इसका विरोध किया, सुरक्षा कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़कर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रनवीर सिंह के पास ले गए। इरशाद अली भी मौके पर पहुंच गए।

    डायल 112 पर फोन कर पुलिस को भी बुला लिया गया। आरोपित ने अपना नाम करूला निवासी जब्बार बताया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रनवीर सिंह ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

    आरोपित के पास मिली सिरिंज, लाइटर और चाबी का हिस्सा

    महिला अस्पताल में अजान फूंकने के बहाने आए करूला निवासी जब्बार की तलाशी लेने पर सुरक्षा कर्मियों को उसकी जेब से आधी सिरिंज, लाइटर और चाबी का हिस्सा मिला। जिससे उसके बच्चा चोरी करने के साथ किसी अन्य तरह के कयास भी लगने लगे।

    युवक ने कहा अजान फूंकने बुलाया

    आरोपित जब्बार ने डाक्टरों के सामने बताया कि मुझे फरजाना ने बच्चे के कान में अजान फूंकने के लिए बुलाया था। अजान फूंकने के बाद उन्होंने मुझे 100 रुपये भी दिए थे। यह बात सुनकर महिला के पति इरशाद भड़क गए। उन्होंने कहा कि हम लोग इसे नहीं जानते हैं। यह बच्चा चोरी करने के लिए ही आया था। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में कर ले गई।

     

    महिला द्वारा भी बच्चा चोरी करने का प्रयास किया गया इसकी जानकारी नहीं है। न ही पुलिस ने किसी महिला को हिरासत में लिया। एक युवक को हिरासत में लिया था। जांच में सामने आया है कि वह बच्चे के कान में अजान फूंकने के लिए अस्पताल में गया था। उसके आपराधिक इतिहास के बारे में पता किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

    - मनीष सक्सेना, प्रभारी निरीक्षक, सिविल लाइंस


    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में खाद विक्रेताओं पर बड़ा एक्शन: 35 लाइसेंस निरस्त, अब पोर्टल से भी हमेशा के लिए डिलीट होगी ID