Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'पढ़ाने में कोई हिचक नहीं, तो परीक्षा से क्या डरना...' पहली बार में ही शिक्षकों ने पास कर डाला UPTET

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 06:06 PM (IST)

    मुरादाबाद के कई शिक्षकों ने पहली बार यूपीटेट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तर कुंजी से मिलान के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे इसे शिक्ष ...और पढ़ें

    पुष्पांजलि श्रीवास्तव, शहला जमील, लवकुश और मो. इकमान अली

    पुष्पांजलि श्रीवास्तव, शहला जमील, लवकुश और मो. इकमान अली

    HighLights

    1. उत्तर कुंजी से मिलान के बाद बढ़ा आत्मविश्वास

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट) को लेकर परिषदीय शिक्षकों का नजरिया बदलता दिखाई दे रहा है। जहां पहले शिक्षक परीक्षा देने को लेकर आपत्ति जता रहे थे। अब पहली बार परीक्षा देने के बाद शिक्षक उत्तर कुंजी आने के बाद अपनी क्षमता परीक्षण से संतुष्ट भी हैं। उनका मानना है कि शिक्षण में जिस प्रकार प्रशिक्षण होता है। उसी प्रकार परीक्षण होना भी जरूरी है।

    परिषदीय विद्यालयों में सालों से शिक्षण कर रहे अध्यापकों का कहना है कि उम्र के इस पड़ाव में परीक्षा देकर एक नया अनुभव मिला।
    बीती दो, तीन और चार जुलाई को आयोजित परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी होने के बाद उत्तरों का मिलान करने पर जिले के कई ऐसे शिक्षक सामने आए हैं, जिन्होंने पहली बार यूपीटेट की परीक्षा दी और पास होने लायक अंक हासिल किए हैं।

    अंतिम परिणाम अभी आना बाकी है, लेकिन उतर कुंजी के आधार पर शिक्षकों का आत्मविश्वास बढ़ गया है। जिले से लगभग 850 शिक्षकों ने भी यूपीटेट की परीक्षा दी थी। जिसमें लगभग 40 शिक्षक ऐसे थे जिन्होंने पहली बार यूपीटेट का इम्तिहान दिया।

    आठ जुलाई को जारी हुई उत्तर कुंजी देखने के बाद शिक्षकों ने अपना अनुभव साझा किया है कि शिक्षण कर ही रहे हैं और परीक्षा देने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। कहा कि आयोग की ओर से पूछे गए लगभग सभी सवालों के जवाब उनके सही रहे हैं।

    खबरें और भी

    पहली बार यूपीटेट 2026 में शामिल हुई। जिले की महिला अभ्यर्थियों का सेंटर जनपद अमरोहा में था। आयोग द्वारा जारी कुंजी में कुछ प्रश्नों के उत्तर में विरोधाभास है। उम्मीद है कि, आयोग अभ्यार्थियों के हित में साक्ष्यों के अनुसार फैसला लेगा। जब पढ़ने-पढ़ाने का कार्य है तो परीक्षा देने में भी कोई आपत्ति नहीं है। - पुष्पांजलि, कंपोजिट स्कूल कटार शहीद।

    उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा में पहली बार प्रतिभाग किया। बाल विकास एवं पर्यावरण शिक्षा के प्रश्नों का स्तर उच्च लेवल का था। पेपर अच्छा आया था। परीक्षा देने से अभ्यास बना रहता है। आयोग की आंसर की के अनुसार मेरे बहुत अच्छे नंबर आ रहे हैं। परीक्षा देने में मुझे कोई आपत्ति नहीं है। - शहला जमील, कंपोजिट स्कूल कटार शहीद।

    हमने पहली बार ही प्राथमिक स्तर एवं उच्च प्राथमिक स्तर दोनों पात्रता परीक्षा में प्रतिभाग किया। प्रथम पाली में जूनियर स्तर के पेपर में औसत, मध्यम एवं कठिन तीनों स्तर के प्रश्न पूछे गए थे। इसलिए मेरे दोनों पेपर बहुत अच्छे हुए हैं। आयोग की प्रोविजनल उत्तर कुंजी के अनुसार हम दोनों पेपर उत्तीर्ण कर रहे हैं। - मो. इकमान अली, यूपीएस साहूनगला।

    यह मेरा पहला अनुभव था और उत्तर कुंजी के अनुसार मेरे नंबर अच्छे आ रहे हैं। 56 साल की उम्र में परीक्षा देकर मुझे नहीं लगा कि परीक्षा देकर कोई नुकसान है यह तो हमारी क्षमताओं का विकास है। अपने विषयों को हम दोबारा पढ़ रहे हैं। इससे हमारा शिक्षण भी निखरेगा। - लवकुश, जूनियर हाईस्कूल शिवपुरी समधी मूंढापांडे।

    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद-बरेली सफर करने वालों की मौज! 122 KM का हाईवे होगा 6-लेन, बनेंगे नए फ्लाईओवर, बचेंगे 30 मिनट