किसान संगठन और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच होगा गठबंधन? CJP प्रवक्ता और राकेश टिकैत की मुलाकात ने बढ़ाई सरगर्मी
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रतिनिधिमंडल ने राकेश टिकैत से मुलाकात कर किसानों, युवाओं और छात्रों का संयुक्त मोर्चा बनाने का आह्वान किया। ...और पढ़ें

दिल्ली में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत व संयुक्त किसान मोर्चा के अन्य पदाधिकारियों के साथ भेंट करने पहुंचे सीजेपी के प्रवक्ता
HighLights
सीजेपी ने राकेश टिकैत से मुलाकात कर संयुक्त मोर्चे का आह्वान किया।
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के लिए समर्थन मांगा गया।
राकेश टिकैत ने आंदोलनकारियों की एकजुटता पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यक्रम के दौरान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से मुलाकात की।
सीजेपी ने किसानों, युवाओं और छात्रों का संयुक्त मोर्चा बनाने का आह्वान किया। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों में छात्रों पर दर्ज की गई प्राथमिकी को वापस लेने की मांग के लिए समर्थन मांगा। इसपर राकेश टिकैत ने कहा कि आंदोलनकारियों को एक साथ आना चाहिए। वे भी जंतर-मंतर पर सीजेपी के धरने में गए थे और उन्हें समर्थन दिया था। संयुक्त मोर्चा तो पहले से है और सब साथ हैं।
बैठक के बाद सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि वे नरेन्द्र मोदी सरकार के विरुद्ध एक वृहद गठबंधन के बारे में विचार कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि किसान भाई भी विद्यार्थियों और युवाओं के साथ आएं।
सीजेपी ने कहा कि सरकार ने अपने कुछ वादे पूरे नहीं किए हैं। आंदोलन में शामिल रहे छात्रों पर विभिन्न राज्यों में कार्रवाई की जा रही है। बिहार, बंगाल और राजस्था में उनके विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सीजेपी ने छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने के लिए भी राकेश टिकैत से समर्थन मांगा।
वहीं, जागरण से बातचीत में राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक थी। इस दौरान सीजेपी के कुछ प्रतिनिधियों ने वहां पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने के लिए मोर्चा का धन्यवाद दिया।
राकेश ने कहा कि आंदोलनकारियों को एक साथ आना ही चाहिए। किसानों, युवाओं और छात्रों का संयुक्त मोर्चा बनाने के सीजेपी के विचार पर कहा कि मोर्चा तो बना ही हुआ है। किसानाें और छात्रों का अपना-अपना मोर्चा है। ये मोर्चे अपने स्तर से बात उठा रहे हैं। सब साथ हैं।