मुजफ्फरनगर: रोहाना कलां स्टेशन पर रुकेगी दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
Muzaffarnagar News: रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर 11 सितंबर से दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होगा, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ग्रामीणों का राजधानी दिल्ली व हरिद्वार से सीधा जुड़ाव हो सकेगा।
कोरोना काल से पूर्व यह ट्रेन दिल्ली-हरिद्वार पैसेंजर के रूप में चलती थी।
संवाद सूत्र, रोहाना (मुजफ्फरनगर)। रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव 11 सितंबर से आरंभ हो जाएगा। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव की स्वीकृति पर रेलवे हेडक्वार्टर दिल्ली से आदेश जारी कर दिए गए हैं। रोहाना रेलवे स्टेशन पर पहली बार एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र का गांव रोहाना कलां जिला मुख्यालय से 16 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जिला मुख्यालय से रोहाना जाने में 25 से 30 मिनट का समय लगता है, वहीं ट्रेन द्वारा मात्र 10 मिनट का ही समय लगता है।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने रेलमंत्री को पत्र भेजकर रोहाना में एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग की थी। इसपर गत 15 जुलाई को रेलमंत्री ने दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की स्वीकृति प्रदान की थी। स्वीकृति के आदेश रेल बोर्ड भेज दिए थे। आठ सितंबर को रेलवे हेडक्वार्टर ने दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को हरी झंडी देते हुए 11 सितंबर से ठहराव आरंभ करने की घोषणा कर दी है।
दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस संख्या-14303 प्रतिदिन पुरानी दिल्ली जंक्शन से शाम पौने छह बजे चलकर हरिद्वार जंक्शन तक जाती है। यह मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर रात आठ बजकर 11 मिनट पर पहुंचती है। यह रोहाना रेलवे स्टेशन पर आठ बजकर 23 मिनट पर पहुंचेगी। हरिद्वार जंक्शन से चलने वाली दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस संख्या-14304 सुबह नौ बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर रोहाना कलां पहुंचेगी। मुजफ्फरनगर में 11:45 तक पहुंचती है।
रोहाना गन्ना समिति के चेयरमैन अनिल त्यागी ने कहा कि कोरोना काल से ही रोहाना कलां स्टेशन पर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की जा रही थी। युवा भाजपा नेता शिवांक त्यागी ने बताया कि इससे डेढ़ दर्जन से अधिक गांव लाभान्वित होंगे।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर वालों के लिए अच्छी खबर, देवबंद स्टेशन पर रुकेगी नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन
भाजपा के रोहाना मंडल महामंत्री राहुल उपाध्याय ने कहा कि इससे ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। समाजसेवी दुष्यंत त्यागी ने बताया कि इससे युवाओं, किसानों व व्यापारियों को फायदा होगा। डा. अश्वनी त्यागी का कहना है कि 11 सितंबर को रोहाना कलां रेलवे स्टेशन के लिए बेहद ही खास पल होगा। रोहाना कलां रेलवे स्टेशन के अधीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि रेलवे हेड क्वार्टर से आदेश प्राप्त हो गए हैं।
