Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. संजीव बालियान के घर के बाहर हंगामा और मारपीट; बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे...

    By Dilshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Mon, 27 Jul 2026 01:47 PM (IST)

    मुजफ्फरनगर की एटूजेड कॉलोनी में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास पर सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए लोगों ...और पढ़ें

    पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान का फाइल फोटो और मुजफ्फरनगर में उनके आवास के बाहर हंगामा करते लोगों को समझाती पुलिस। जागरण

    पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान का फाइल फोटो और मुजफ्फरनगर में उनके आवास के बाहर हंगामा करते लोगों को समझाती पुलिस। जागरण

    HighLights

    1. डॉ. संजीव बालियान के आवास पर सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप।

    2. मुजफ्फरनगर में डॉ. ललित बाना और अमित बाना ने लगाए गंभीर आरोप।

    3. डॉ. बालियान ने आरोपों को निराधार बताया, सपा समर्थकों पर पलटवार।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। एटूजेड काॅलोनी में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डाॅ. संजीव बालियान के आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट एवं गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया। काॅलोनी में रहने वाले हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. ललित बाना एवं उनके भाई अमित बाना के साथ मारपीट करने का आरोप है। उनकी कार भी डंडे बरसाए गए। इससे आक्रोशित लोगों ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री के आवास के बाहर धरना दिया।

    डाॅ. संजीव बालियान ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने के बाद उनके आवास के बाहर आतिशबाजी करने वाले समाजवादी पार्टी के समर्थक भाइयों का सुरक्षा कर्मियों ने विरोध किया तो अभद्रता करते हुए उन्होंने हंगामा किया था।

    नई मंडी क्षेत्र की एटूजेड काॅलोनी के मकान संख्या-25 में रहने वाले व्यापारी अमित बाना का कहना है कि वह अपनी कार से बहन के घर जा रहे थे। काॅलोनी के मुख्य मार्ग से दूसरे रास्ते पर वह कार रोककर फोन सुन रहे थे। उनका आरोप है कि तभी पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान के आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। विरोध करने पर उनके हाथ पर डंडे मारे, जबकि कार में भी तोड़फोड़ की गई।

    शोर-शराबा होने पर मौके पर कालोनी के लोग एकत्र हो गए। हंगामा होने पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री आवास के बाहर आए, लेकिन बिना बातचीत किए वापस लौट गए। अमित बाना का आरोप है कि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ने मकान का कुछ निर्माण कालोनी की पार्क वाली भूमि को कब्जा करके बनाया है। उनके सुरक्षा कर्मी और समर्थक गुंडागर्दी करते हैं।

    खबरें और भी

    सुरक्षा कर्मियों ने क्लब का एयर कंडीशनर चोरी कर वर्कशाप में लगा रखा है। यहां पर बिजली चोरी करके होर्डिंग्स तैयार करते हैं। वहीं मामले को लेकर हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. ललित बाना ने कहा कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर भूमि कब्जाने इत्यादि की शिकायत दी गई है। इसको लेकर उनके साथ रंजिश रखते हैं। मारपीट से आक्रोशित डाॅ. ललित बाना, अमित और लोगों ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री के आवास के बाहर हंगामा कर धरना दिया। नई मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांंच की और लोगों को शांत कराया।

    इन्होंने कहा...

    केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के द्वारा इस्तीफा देने के बाद डाॅ. ललित बाना और अमित बाना मेरे आवास के बाहर आतिशबाजी कर रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने इसका विरोध किया तो अभद्रता करते हुए हंगामा किया। दोनों भाई समाजवादी पार्टी के समर्थक हैं। मारपीट किए जाने की जानकारी नहीं है। कोई भूमि नहीं कब्जाई है। मेरा आवास एमडीए से नक्शा पारित है। जिस स्थान पर वाहन पार्किंग है, वह उनके दोस्त का आवास है। उन पर लगाए गए आरोप पूर्णत: निराधार हैं।
    -डा. संजीव बालियान, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री, मुजफ्फरनगर।