Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरनगर में इंटर कॉलेज में वोकेशनल ट्रेनर की नियुक्ति के नाम पर शिक्षिका से अश्लीलता, प्रबंधक गिरफ्तार

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 01:17 AM (IST)

    मुजफ्फरनगर के एक इंटर कॉलेज में वोकेशनल ट्रेनर की नियुक्ति के नाम पर प्रबंधक पर शिक्षिका से अश्लीलता और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगा ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. शिक्षिका ने कॉलेज प्रबंधक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया।

    2. नियुक्ति के बदले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया।

    3. पुलिस ने प्रबंधक को गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। नई मंडी के एक इंटर कॉलेज में आउटसोर्स स्तर की वोकेशनल ट्रेनर (व्यावसायिक प्रशिक्षक) की नियुक्ति देने के नाम पर प्रबंधक पर अश्लीलता करने का आरोप लगा है। शिक्षिका का आरोप है प्रबंधक ने उसे कमरे में अकेला बुलाकर अश्लील हरकत की।

    नियुक्ति कराने से पहले उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर धमकी दी गई। शिक्षिका ने प्रबंधक और प्रधानाचार्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रबंधक को गिरफ्तार कर उसे थाने से जमानत पर छोड़ दिया।
    माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्तर से आउटसोर्सिंग पर इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को व्यावसायिक गतिविधियों से अवगत कराने के लिए वोकेशनल ट्रेनर (व्यावसायिक प्रशिक्षक) की दिसंबर 2025 में सीधी भर्ती निकली थी।

    इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कराए गए थे। इसमें शहर की एक कॉलोनी निवासी नगर पालिका के सफाई कर्मचारी की शिक्षिका पत्नी ने भी आवेदन किया था। उनका चयन होने के बाद आउटसोर्स कार्यदायी संस्था के लालगंज बरेली में जून 2026 में प्रमाण-पत्र जमा कराए गए थे।

    यहां से प्रमाण-पत्रों का सत्यापन होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक को चयनित आवेदकों व उनके स्कूल की सूची भेजी गई। इसके बाद 20 जुलाई को डीआइओएस कार्यालय से नियुक्ति संबंधित पत्र दिया गया। इस पर शिक्षिका अपने पति के साथ 21 जुलाई को नई मंडी स्थित विद्यालय गई तो लिपिक दिनेश कुमार ने उनके प्रमाण-पत्र जांचने के बाद प्रधानाचार्य के बाहर होने का हवाला देकर अगले दिन आने लिए कहा था।

    खबरें और भी

    शिक्षिका 22 जुलाई को पुन: स्कूल गई तो लिपिक दिनेश कुमार व प्रधानाचार्य ने कहा कि नियुक्ति के संबंध में प्रबंधक अरविंद कुमार उनसे बात करेंगे, वही नियुक्ति पर अंतिम निर्णय लेते हैं। इस पर शुक्रवार को शिक्षिका अपने प्रमाण-पत्र लेकर पति के साथ स्कूल गई थी।

    आरोप है कि प्रबंधक अरविंद कुमार ने शिक्षिका को अकेली कमरे में बुलाकर अश्लील हरकत की ओर इशारे किए। प्रबंधक ने नियुक्ति देने से पहले शिक्षिका से उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। उसके बाद ही नियुक्ति देने की चेतावनी दी।

    आरोप है कि प्रबंधक के कृत्य में प्रधानाचार्या राजेश कुमारी भी शामिल है। नई मंडी पुलिस ने शिक्षिका की तहरीर पर आरोपित प्रबंधक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। देर शाम को आरोपित को धारा 41 के नोटिस पर थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया।

    यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में 50 लाख की रंगदारी और लूट का पर्दाफाश, गोरक्षा दल का युवा जिलाध्यक्ष गिरफ्तार

    शाम तक चला थाने पर हंगामा

    शिक्षिका के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में थाने पर दोपहर से शाम तक हंगामे की स्थिति बनी रही। शिक्षिका ने साफ कहा कि आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज तथा कार्रवाई होने तक वह थाने में बैठी रहेगी। पुलिस ने शिक्षिका को समझाकर शांत किया और आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।


    शिक्षिका की तहरीर पर प्रबंधक व प्रधानाचार्या के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद थाने से जमानत पर छोड़ा गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है। शिक्षिका के बयान दर्ज कराने के अलावा सभी तथ्यों का परीक्षण कराया जा रहा है।

                                                                             आनंददेव मिश्रा, थाना प्रभारी, नई मंडी।