पिस्टल से डराकर ननदोई ने किया दुष्कर्म, शामली के थाने में सिपाही है आरोपित; भाई को भी दी धमकी
मुजफ्फरनगर में एक विवाहिता ने अपने ननदोई, जो शामली में सिपाही है, पर पिस्टल दिखाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
ननदोई पर पिस्टल दिखाकर दुष्कर्म करने का आरोप।
आरोपित शामली थाने में तैनात है सिपाही।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज।
संवाद सूत्र, बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। एक गांव निवासी विवाहिता ने अपने ननदोई पर घर में घुसकर पिस्टल से डराकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपित शामली के थाने में सिपाही है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता की शादी दिसंबर 2024 में हुई थी। आरोप है कि उसका ननदोई ललित शर्मा निवासी गांव रामडा जिला शामली है।
शादी के बाद से ही वह उस पर गलत नजर रखता था। पीड़िता का कहना है कि चार मई 2025 को जब उसका पति अपनी बीमार मां को लेकर चिकित्सक के पास गया था, तब आरोपित मौका पाकर उसके कमरे में घुस गया। आरोप है कि पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने यह जानकारी पति और सास को दी तो उन्होंने लोकलाज और तलाक का डर दिखाकर उसे चुप रहने पर मजबूर कर दिया। कुछ दिन पूर्व पीड़िता ने अपने मायके पहुंच आपबीती सुनाई।
आरोप है कि जब मायके पक्ष ने इस संबंध में ससुरालियों से बात की तो उन्होंने पीड़िता को ही दोषी बताकर उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपित ललित शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।