मतांतरण में मौलाना और बेटे पर मुकदमा दर्ज, कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा कर किया मदरसा निर्माण
मुजफ्फरनगर के फुलत गांव स्थित मदरसा दारुल उलूम रहीमिया के संचालक मौलाना हिफजुर्रहमान और उनके बेटे जुबैर अंसारी पर मतांतरण व कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध ...और पढ़ें

रतनपुरी के गांव फुलत में मतांतरण को लेकर सुर्खियों में दारुल उलूम रहीमिया मदरसा। जागरण
HighLights
मौलाना हिफजुर्रहमान और बेटे पर मतांतरण का आरोप।
कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध मदरसा निर्माण का मामला।
गैरकानूनी धर्म परिवर्तन अधिनियम में रिपोर्ट, जांच जारी।
संवाद सूत्र, रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। फुलत गांव स्थित मदरसा दारुल उलूम रहीमिया में मतांतरण और कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा कर मदरसा निर्माण में मदरसा संचालक मौलाना व उसके बेटे के खिलाफ गैरकानूनी धर्म परिवर्तन अधिनियम व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच तेज कर दी। बीते दिनों बघरा योग साधना केंद्र के स्वामी यशवीर महाराज ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर रतनपुरी के मदरसा मदरसा दारुल उलूम रहीमिया में मतांतरण का मामला उठाया था।
साथ ही जांच न होने पर मदरसे का घेराव और धरने की चेतावनी दी थी। इसके बाद रतनपुरी पुलिस और खुफिया तंत्र हरकत में आया था। गांव पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल और दस्तावेजों की छानबीन की गई थी। अधिकारियों को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। रतनपुरी थाने में गांव के मो. युनूस पुत्र नजीर ने मदरसा संचालक मौलाना हिफजुर्रहमान और उसके बेटे जुबैर अंसारी के खिलाफ मदरसे में हिंदू युवकों को बहला-फुसलाकर उनका मतांतरण कराए जाने और कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा कर मदरसा निर्माण की तहरीर दी।

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह का कहना है शिकायत पर मौलाना और उसके बेटे के विरुद्ध गैर कानूनी धर्म परिवर्तन अधिनियम, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
मतांतरण को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में फुलत
फुलत गांव में पहले मदरसा इमाम वलीउल्लाह इस्लामिया अवैध मतांतरण और विदेशी फंडिंग को लेकर सुर्खियों में रहा है, लेकिन इस बार मदरसा दारुल उलूम रहीमिया चर्चा में है। पहले मौलाना कलीम पर मतांतरण का आरोप लगा था, अब मौलाना हिफजुर्रहमान पर शिकंजा कसा गया है। मदरसा संचालक और उसके बेटे के खिलाफ मतांतरण व कब्रिस्तान की भूमि पर मदरसा निर्माण का आरोप लगा है। बाप-बेटे कार्रवाई के डर से भूमिगत हो गए हैं।
खबरें और भी
फुलत गांव को मदरसों का केंद्र कहा जाता है। गांव एक बार फिर से मतांतरण को लेकर सुर्खियों में है। वर्ष 2021 में जामिया वलीउल्लाह इस्लामिया मदरसे के संचालक मौलाना कलीम सिद्दीकी मतांतरण और विदेशी फंडिंग के घेरे में आए थे। एटीएस को मौलाना के खिलाफ साक्ष्य मिले थे। उससे साफ था कि कानून विरोधी मतांतरण नेटवर्क को मदरसों से चलाया जा रहा है। इस बार गांव का दारुल उलूम रहीमिया मदरसा कानून विरोधी मतांतरण को लेकर चर्चा में है।
इस बार मतांतरण के घेरे में आया मदरसा संचालक हिफजुर्रहमान मदरसे में इल्म के साथ-साथ झाड़-फूंक का भी कार्य करता है। गांव के मो. युनूस की शिकायत पर आठ साल पहले राहुल कश्यप पुत्र राजकुमार रथैड़ी थाना नई मंडी समेत अन्य लोगों के डरा-धमकाकर कानून विरोधी मतांतरण और अवैध धन से संपत्ति अर्जित किए जाने का अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौलाना व उसके बेटे पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है। उनके मदरसे, कार्यप्रणाली और व्यवहार की जानकारी जुटाई जा रही है।