35 साल से मूक-बधिर बनने का स्वांग रचकर भीख मांगने वाला निकला शातिर लुटेरा, मुठभेड़ के बाद पुलिस के जोड़ने लगा हाथ
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ के बाद एक शातिर लुटेरा राजकुमार बावरिया गिरफ्तार कर लिया गया। वह 35 साल से मूक-बधिर होने का नाटक कर भ ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर में पुलिस के हाथ जोड़कर अपराध से तौबा करता बदमाश राजकुमार बावरिया। वीडियो ग्रैब
HighLights
मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ में लूट करने वाले को पकड़ा।
बदमाश काॅलोनियों में रेकी कर वारदात को देता था अंजाम।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस और एसओजी देहात ने मुठभेड़ में महिला से कुंडल लूटने वाले बदमाश को पकड़ लिया। उसका भतीजा जंगल के रास्ते फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश लगभग 35 साल से मूकबधिर होने का स्वांग रचकर भीख मांगता था।
कालोनियों में महिलाओं की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देता था। शांतिनगर में महिला अन्नू धीमान के कानों से कुंडल लूटकर भागा था। बदमाश मेरठ में जीआरपी की अभिरक्षा से भी फरार हो चुका है। मुठभेड़ के बाद बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपराध से तौबा करता दिखाई दिया।
पुलिस लाइन के सभागार में हुई पत्रकार वार्ता में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गुरुवार को नई मंडी के शांतिनगर कालोनी में मंदिर से लौट रही महिला अन्नू धीमान को बाइक सवार बदमाश बातों में उलझाकर कुंडल लूटकर फरार हो गए थे। महिला के पति प्रदीप ने मुकदमा दर्ज कराया था। घटना का राजफाश करने के लिए एसओजी देहात व नई मंडी थाने की चार टीम लगाई गईं।
शुक्रवार रात कुंडल लूटने वाले बदमाशों के भागने की सूचना मिली। इस पर नई मंडी प्रभारी आनंद देव मिश्रा टीम के साथ रथेड़ी कट के पास नाकाबंदी कर चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों को आता देखकर रुकने का इशारा किया। पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, वहीं उसका भतीजा संजू बावरिया जंगल के रास्ते फरार हो गया।
खबरें और भी
भतीजे के साथ मिलकर वारदात को देता था अंजाम
पकड़ा गया बदमाश राजकुमार बावरिया पुत्र प्रेम बावरिया निवासी झिंझाना, शामली है। उसके पास से लूटे गए कुंडल व तमंचा बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया कि बदमाश की उम्र लगभग 50 साल है। वह पिछले 35 साल से मूकबधिर होने का स्वांग रचकर कालोनियों, सड़कों पर भीख मांगता था। कालोनियों में अकेली आने-जाने वाली महिलाओं, युवतियों की रेकी करता था।
उसके बाद फरार हुए अपने भतीजे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था। वर्ष 2011 में बदमाश मेरठ में जीआरपी की अभिरक्षा से फरार हो गया था। उस पर लूट, चेन स्नैचिंग समेत छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश लूट में स्पोर्ट्स बाइक का प्रयोग करते थे। उसके बाद मंसूरपुर क्षेत्र में किराए के मकान में ठिकाना बनाकर रहता था।
गिरफ्तारी के बाद बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़ता दिखाई दिया। पुलिस टीम को एसएसपी ने 15 हजार का पुरस्कार दिया है। वहीं, पीड़िता अन्नू धीमान ने उसकी मां द्वारा दिए गए यादगार कुंडल बरामद करने पर पुलिस का आभार प्रकट किया।