दिल्ली-देहरादून हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत
मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर संधावली कट के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भीषण भिड़ंत हो गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर ट्रैक्टर-बाइक की भीषण भिड़ंत हुई।
हादसे में दो युवकों नितिन और सुहैल की मौत हो गई।
एक घायल प्रवीण को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर संधावली कट के निकट ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर-ट्राली भी दीवार से जा टकराई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ मेडिकल कालेज के हायर सेन्टर रेफर किया गया है।
गुरुवार शाम को रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर माफी निवासी 25 वर्षीय नितिन पुत्र इंद्रपाल अपने साथी प्रवीण पुत्र विजयपाल निवासी गांव लोहड्डा, रतनपुरी के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर से गांव लौट रहा था। जैसे ही दोनों संधावली कट के निकट राना पब्लिक स्कूल के निकट पहुंचे तो सामने आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ंत हो गई।
भीषण हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि दोनों युवक घायल होकर खेत में गिर गए। ट्रैक्टर-ट्राली भी अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। जिसमें छाती में गहरी चोट लगने के कारण ट्रैक्टर-ट्राली चालक 24 वर्षीय सुहैल पुत्र महबूब निवासी सुजडू, थाना खालापार गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले बाइक चालक नितिन तथा ट्रैक्टर चालक सुहैल की भी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया है। घायल युवक प्रवीण को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कालेज के हायर सेन्टर रेफर किया गया है।
बताया कि नितिन के पिता इंद्रपाल की 12 दिन पूर्व कैंसर की बीमारी के चलते मौत हुई है। एक परिवार में लगातार दो मौत होने से स्वजन में कोहराम मच गया। स्वजन समेत ग्रामीण हादसे की खबर मिलने पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे हैं। थानाध्यक्ष मंसूरपुर आनंद देव मिश्र ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया गया।