Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पुरकाजी सीट: कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के विकास के दावों के बीच लोगों को कई वादे पूरे होने का इंतजार

    By Jishan Mohamad Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Tue, 21 Jul 2026 04:36 PM (IST)

    कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक हैं। मंत्री विकास कार्यों का दावा करते हैं, लेकिन विपक्ष प्रमुख मांगों के पूरा ...और पढ़ें

    पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र

    पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र 

    HighLights

    1. विधायक बोले- प्राथमिकता है कि कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहे।

    2. विपक्ष ने कहा कि वादे पूरे नहीं कर पाए हैं अनिल कुमार।

    संवाद सूत्र, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) । जनपद की एकमात्र सुरक्षित विधानसभा सीट पुरकाजी में वैसे तो कई समस्याएं हैं, लेकिन लंबे समय से यहां सोलानी नदी पर बांध और कस्बे को तहसील बनाने की मांग उठ रही है। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार तीसरी बार विधायक हैं। क्षेत्र की मांग और जनता की नब्ज को वह भलीभांति जानते हैं। चुनाव से पहले उन्होंने दोनों मांगों को पूर्ण कराने का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार साल बाद भी वादा अधूरा है।

    हालांकि सड़क और विद्युत के मामले में स्थिति सुधरी है। अनिल कुमार ने वर्ष 2007 में बसपा के टिकट पर चरथावल विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनकर राजनीति में कदम रखा। इसके बाद परिसीमन हुआ और पुरकाजी सुरक्षित विधानसभा सीट अस्तित्व में आई। 2012 में इसी सीट से बसपा के टिकट पर अनिल कुमार मैदान में उतरे और जीत दर्ज की।

    2017 में फिर बसपा से चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा के प्रमोद ऊटवाल से हार गए। 2022 में सपा-रालोद गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में आए और भाजपा के प्रमोद ऊटवाल को करीब 10 हजार वोटों से हराकर तीसरी बार विधायक बने और बाद में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कैबिनेट मंत्री बने। विधायक बनने के बाद अनिल कुमार ने सबसे ज्यादा जोर बुनियादी सुविधाओं पर दिया। खादर क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बाढ़ है। इसे लेकर अनिल कुमार ने तटबंध निर्माण का वादा किया। सोलानी नदी पर पुल की मांग भी लंबे समय से क्षेत्र की जरूरत रही है।

    इसी कड़ी में रामनगर में सोलानी नदी पर 35 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण के लिए उन्होंने शासन को पत्र लिखा है। हाल ही में छात्रा की गुहार के बाद मंत्री ने मंच से पुल बनवाने का आश्वासन भी दिया था। चुनाव के समय क्षेत्र की जनता की जुबान पर कुछ मुद्दे बार-बार आते हैं। इनमें शिक्षा और चिकित्सा की बेहतर व्यवस्था किए जाने की मांग प्रमुख है।

    खबरें और भी

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इन सुविधाओं के अभाव में मरीजों को जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता है। सड़क, लाइट और अन्य छोटे-मोटे कार्यों को लेकर ग्रामीण संतुष्टि जताते हैं। वहीं खादर में तटबंध, पुरकाजी को तहसील का दर्जा और बड़े स्वास्थ्य-शैक्षणिक संस्थानों की मांग अभी अधूरी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंत्री जी मंचों से बड़े-बड़े ऐलान करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम लटक रहे हैं। हालांकि उनके समर्थक विकास कार्यों की गंगा बहाने का दावा करते हैं।

    अब 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में रामनगर पुल, डिग्री कॉलेज और तहसील का मुद्दा एक बार फिर गर्म होगा। जनता विकास को तराजू पर तोलेगी और उसी आधार पर फैसला करेगी। पुरकाजी की जनता के लिए चुनाव में मुद्दा तहसील बनने समेत सोलानी पर बांध और शिक्षा व स्वास्थ्य का रहता है।

    क्षेत्र में चारों ओर दिखता है विकास कार्य : कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार 

    कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान रोहाना स्टेशन पर दिल्ली हरिद्वार एक्सप्रेसवे ठहराव, पांच करोड़ की लागत से रामनगर सोलानी पुल प्रस्ताव, भूराहेडी फलौदा मार्ग चौडीकरण, खादर का तटबंध बनाने को देकर प्रस्ताव, तहसील की मांग को लेकर लेटर लिखा, छपार सिमर्थी मार्ग चौड़ीकरण, छपार रोहाना चौड़ीकरण व बाइपास,सरवट फाटक से नसीरपुर तक सड़क निर्माण, झबरपुर में डिजिटल लाईब्रेरी, खाईखेडी में नलकूप, पचैंडा में नाला निर्माण समेत अपने विधानसभा के सभी गांव में विकास कार्य कराए गए हैं।

    उनकी प्राथमिकता है कि कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहे। मंत्री ने कहा कि उनका यही प्रयास रहता है कि किसी भी फरियादी की कोई भी समस्या है, उसका समाधान समय पर किया जाए और वह अपने क्षेत्र की जनता के लिए हर समय उपलब्ध भी है।

    वादे पूरे नहीं कर पाए अनिल कुमार : मैनवाल

    विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रहे एडवोकेट सुरेंद्र सिंह मैनवाल ने बताया कि वर्तमान विधायक अनिल कुमार ने साढे चार साल के कार्यकाल में विधानसभा की जनता की कोई आवाज नहीं उठाई है, यहां के लोग विकास से अछूते हैं। पुरकाजी क्षेत्र में जनता ने तहसील का मुद्दा उठाया था और यह मुद्दा चुनाव के अंदर छाया रहा। यहां कोई स्वास्थ्य शिक्षा पर काम नहीं किया गया। सिर्फ जनता की आवाज कागजों में ही सिमट कर रह गई हैं। किसानों के लिए कोई आवाज विधानसभा में नहीं उठाई गई है।

    यही कारण है कि आज लोग वर्तमान विधायक से सवाल करते हैं। अगर जनता उन्हें मौका देती तो पुरकाजी विधानसभा में बस सभी काम जनता को कर कर दिखाते। पुरकाजी क्षेत्र की जनता विकास के नाम पर वोट करती है, लेकिन इनका कोई विकास नहीं हुआ है। मैनवाल इस चुनाव में 27 हजार वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे।

    यह बोले स्थानीय लोग

    खादर के गांव भदौला निवासी गुरमेल सिंह बाजवा का कहना है कि मंत्री अनिल कुमार ने खादर क्षेत्र के लोगों का कोई विकास कार्य नहीं किया है। मंत्री ने किसानों से सोलानी पर बांध बनवाने का वादा किया था, जो साढे साल बाद भी नहीं बन पाया है। जिस कारण खादर क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष बाढ़ आती है और उससे किसानों की हजारों बीघा फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो जाती है। किसान के सामने रोजी-रोटी का संकट आता है, लेकिन मंत्री को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। विधानसभा में मंत्री लोगों के काम नहीं सिर्फ आश्वासन देते हैं।
    भूराहेडी निवासी संजीव चौधरी का कहना है कि पुरकाजी विधानसभा में कोई डिग्री कॉलेज नहीं बन पाया, किसानों का मुद्दा प्रमुखता से नहीं उठाया गया। अनिल कुमार जब समाजवादी और रालोद के टिकट पर विधायक बने थे तब बड़ी-बड़ी बातें करते थे। उस समय उन्होंने जनता के लिए आवाज भी उठाई लेकिन अब वह विधानसभा की जनता के बारे में नहीं सोचते हैं।
    उन्हें जनता के बारे में सोचना चाहिए और विधानसभा को स्वास्थ्य शिक्षा की सौगात देनी चाहिए। कोई डिग्री कालेज क्षेत्र में नहीं है। युवाओं में बेरोजगारी बढ़ रही है। पुरकाजी तहसील और खादर में तटबंध बड़ा मुद्दा है। जिस पर कोई काम नहीं किया है।
    पुरकाजी निवासी बशारत खान का कहना है कि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने विधानसभा के अंदर सड़के पथ प्रकाश की व्यवस्था करवाई। मंत्री जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं। खादर में रामनगर के ग्रामीणों के लिए 35 करोड रुपए की लागत से पुल,रोहाना स्टेशन पर दिल्ली हरिद्वार एक्सप्रेसवे ठहराव, तटबंध के लिए प्रस्ताव, खादर में सड़के समेत विकास कार्य किए हैं। किसानों का मुद्दा भी समय-समय पर उठाया है। इसके आलावा उन्होंने पक्ष विपक्ष नहीं देखा। सिर्फ विकास पर ध्यान दिया है।
    तुगलकपुर के अनिल गौतम का कहन है कि इस विधानसभा के एक-एक गांव में मंत्री के द्वारा विकास कराए गए हैं। साढे चार साल के कार्यकाल में उन्होंने कभी भी जनता को विकास के नाम पर मायूस नहीं किया है। खादर के बाध का मुद्दा, पुल का मुद्दा या फिर तहसील की मांग का मुद्दा। इन सब पर आवाज उठाई है। एक दिन यह मांग जरूरी पूरी होंगी। सरवट रोड पर जलभराव से निजात को लेकर सड़क बनवाई। भूराहेड़ी से फलौदा तक डेढ-डेढ मीटर का चौड़ीकरण कराया है।

    एक नजर में पुरकाजी विधानसभा सीट :

    वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव के अनुसार:

    • कुल मतदाता: 3,03,532
    • पुरुष: 1,68,538
    • महिला: 1,34,977

    चुनावीं परिणाम वर्ष 2022 :

    • विजेता - अनील कुमार- 92672 वोट, सपा-रालोद गठबंधन
    • उप विजेता- प्रमोद ऊटवाल- 86140 वोट, भाजपा
    • तीसरा स्थान सुरेन्द्र सिंह मैनवाल - 27778 वोट- बसपा