मुजफ्फरनगर में स्क्रैप कारोबारी पिता-पुत्र से 33 लाख की ठगी, सपा नेता समेत तीन के खिलाफ FIR
मुजफ्फरनगर में स्क्रैप कारोबारी पिता-पुत्र से 33.40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर सपा नेता समेत तीन आरोपियों के खिलाफ धो ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। स्क्रैप कारोबारी पिता-पुत्र को कमाई का झांसा देकर 33.40 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपितों ने भुगतान होने का फर्जी संदेश भेजकर गुमराह किया।
रुपये मांगने पर आरोपितों ने दोनों को धमकी दी। इस मामले में सपा नेता समेत तीन लोगों के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
खालापार के योगेंद्रपुरी निवासी इकबाल अहमद पुत्र रिजवान अहमद तथा उनके पुत्र जफर इकबाल की न्यू सेफ एलपीजी प्रोडक्टस के नाम से फर्म है। आरोप है कि उनकी पहचान समाजवादी पार्टी के नेता शारिक खान पुत्र नजमुल खान निवासी योगेंद्रपुरी से थी।
आरोपित ने पिता-पुत्र को चूरी स्क्रैप का कारोबार में साझेदार बना लिया। उन्हें प्रति किलो एक रुपये के हिसाब से लाभ देने का भरोसा दिया। बताया कि 30 टन स्क्रैप्र से 30 हजार रुपये तक आय होती है। इस पर जफर ने नवंबर 2025 को आरोपित शारिक को 10 लाख रुपये आरटीजीएस किए थे।
इसके बाद छह लाख रुपये आनलाइन भेजने के अलावा 20.60 लाख रुपये नगद दिए थे। रकम देने के बाद भी उन्हें कारोबार से हुई आय नहीं दी गई। रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने 10 लाख रुपये का फर्जी आरटीजीएस का संदेश भेजा था। आरोपित निरंतर रुपये मांगने पर वादा कर रहा था।
रुपये नहीं देने पर आरोपित के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के शिकायत दी थी। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर खालापार पुलिस ने शारिक खान, मोहम्मद जावेद कस्सार उर्फ कलवा और नदीम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।