ग्रेटर नोएडा में सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर होगी कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा की जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और मृत्यु दर कम करने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। उन्होंने अवैध स्टैंड, ओवरलोड ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा की जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और मृत्यु दर कम करने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। जागरण
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और हादसे मेंं होने वाली मृत्यु दर को कम करने के लिए जिलाधिकारी ने साेमवार को कलक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की।
उन्होंने नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा व डीसीपी ट्रैफिक के अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि कानूनी और सामाजिक जिम्मेदारी भी है। जिले में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों से कहा कि अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करें।
दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पाट) को चिन्हित कर उनमें अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें। अवैध कटों को बंद करने एवं सड़क सुरक्षा संकेतकों को बेहतर पर भी जिलाधिकारी ने जोर दिया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाने और हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्रत्येक प्रकरण में ईडीएआर पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा ताकि दुर्घटना संबंधी विवरण समय पर दर्ज होने से पीड़ितों को मुआवजा एवं बीमा दावों का निस्तारण शीघ्रता से संभव हो सकेगा।
खबरें और भी
परिवहन विभाग को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विद्यालय यान सुरक्षा समिति के तहत स्कूलों में अभियान चलाकर स्कूल वाहनों की फिटनेस व चालकों की आंख व स्वास्थ्य जांच अवश्य कराने और बिना फिटनेस के स्कूली बस सड़कों पर न उतरने पाने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रमुख सड़कों एवं यातायात प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण करते हुए होल्डिंग एरिया चिन्हित करने को भी कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डा. उदित नारायण पांडेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन वर्मा आदि उपस्थित रहीं।