ग्रेटर नोएडा में सोसायटी के बेसमेंट में गंदगी और जलभराव, डेंगू-मलेरिया के खतरे से दहशत में लोग
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ईकोविलेज-वन सोसायटी के बेसमेंट में बारिश के कारण गंदगी और जलभराव से दुर्गंध व मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ...और पढ़ें
-1785038368835_m.webp)
सोसायटी के बेसमेंट में गंदगी और जलभराव, डेंगू मलेरिया का बढ़ा खतरा। जागरण
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ईकोविलेज- वन सोसायटी के बेसमेंट में गंदगी और जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। लगातार हो रही वर्षा के बाद बेसमेंट में पानी भर गया है, जिससे कूड़े के साथ दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
निवासियों ने प्रशासन और सोसायटी प्रबंधन से तुरंत सफाई और जल निकासी की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बेसमेंट में कूड़ा-कचरा जमा पड़ा है। वर्षा का पानी भरने से कचरा सड़ने लगा है और तेज दुर्गंध उठ रही है।
पार्किंग और स्टोर रूम के पास कीचड़ और दूषित पानी फैल जाने से आवागमन भी मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी चिंता स्वास्थ्य को लेकर है।
बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा
सोसायटी निवासी संजय शर्मा का आरोप है कि गंदगी और रुके हुए पानी के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने का खतरा कई गुना बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा है।
समस्या और बढ़ गई
निवासियों का आरोप है कि कई बार प्रबंधन को लिखित और मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सफाई कर्मचारियों की कमी और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से समस्या और बढ़ गई है।
खबरें और भी
निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मानसून के मौसम में ऐसी लापरवाही खतरनाक हो सकती है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।