साहिबाबाद में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में आग, 18 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
साहिबाबाद के सूर्यनगर में एक चार मंजिला इमारत की पार्किंग में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई। ...और पढ़ें
-1779865417784_m.webp)
चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक कार में लगी आग। जागरण
HighLights
चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में आग
इमारत में धुआं भरने से मची अफरा-तफरी
18 लोगों को छत के रास्ते बचाया गया
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के रामपुरी में तीन मंजिला इमारत की पार्किंग में मंगलवार रात चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई। इस दौरान इलेक्ट्रिक पैनल और मीटर ने भी आग पकड़ ली।
धुआं उठने पर पहली मंजिल पर रहने वाले परिवार को इसका पता लगा तो उन्होंने सभी को सूचना दी। करीब 18 लोग इमारत में थे, जो सीढ़ियों से छत पर जाकर दूसरी इमारत की छत पर पहुंचकर सुरक्षित निकल आए। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
रामपुरी कॉलोनी में भूखंड संख्या 77 पर तीन मंजिला इमारत बनी है। भूतल पर पार्किंग है और ऊपर की तीन मंजिलों पर फ्लैट बने हैं। प्रत्येक मंजिल पर तीन फ्लैट हैं।
पहली और दूसरी मंजिल पर छह परिवार रहते हैं
पहली और दूसरी मंजिल पर बने फ्लैटों में छह परिवार रहते हैं। तीसरी मंजिल पर फ्लैट खाली हैं। मंगलवार की रात दूसरी मंजिल पर रहने वाले सचिन खंडेलवाल ने अपनी कार को चार्जिंग पर लगाया था। उन्होंने कंपनी का सर्टिफाइड चार्जिंग प्वाइंट लगाया है।
करीब दो बजे पहली मंजिल पर रहने वाले गारमेंट कारोबारी सुकेश गुप्ता को धुआं और आग का एहसास हुआ। उन्होंने बाहर आकर देखा तो शोर मचाकर लोगों को बताया। छत पर पहुंचकर दमकल को आग की सूचना दी गई। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मचारियों ने देखा कि इलेक्ट्रिक कार और बिजली पैनल में आग लगी थी। बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद आग को बुझाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। आग से इलेक्ट्रिक कार, सीढ़ियों के नीचे लगा मीटर पैनल जल गए। उन्होंने बताया कि पूछताछ में लोगों ने कई दिन से लो-हाई वोल्टेज की शिकायत की है। ऐसे में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है। मामले में जांच की जा रही है।
खबरें और भी
सांस लेने में हो रही थी परेशानी
सुकेश गुप्ता ने बताया कि उनके परिवार में माता-पिता, बेटा, बहु और बेटियां हैं। पार्किंग से उठते धुएं से सभी को सांस लेने में परेशानी होने लगी। नीचे पार्किंग में सीढ़ियों के पास ही कार जल रही थी। ऐसे में रास्ता बंद था तो सभी ऊपर की तरफ भागे।
उन्होंने बताया कि करीब दो घंटे तक इमारत में रहने वाले लोगों में आग की दहशत रही। उनके पड़ोस में रहने वाले दिल्ली पुलिस मुख्य आरक्षी सेती सिंह की पत्नी आवेदिका ने बताया कि उन्हें नीचे से रोशनी दिखी। पति और उन्होंने गेट नहीं खोला लेकिन एसी के लिए बनाए रास्ते से ऊपर की तरफ जा रही सीढ़ियों से बाहर निकले और छत पर पहुंचे।
इन लोगों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
- सत्य प्रकाश गुप्ता,
- पार्वती गुप्ता,
- कार्तिक गुप्ता,
- आर्यमान गुप्ता,
- देवेश गुप्ता,
- तरु गुप्ता,
- प्रह्लाद खंडेलवाल,
- सचिन खंडेलवाल,
- अमिता खंडेलवाल,
- हिमांशु तलवार,
- जगदीश तलवार,
- नीता तलवार समेत अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।