Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    क्या फिर लोगों के बीमार पड़ने का इंतजार कर रहा प्राधिकरण? ग्रेटर नोएडा में बदबूदार पानी की सप्लाई जारी

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 10:45 AM (IST)

    ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों में गंदे पानी की समस्या बनी हुई है, जबकि जनवरी में 130 लोगों के बीमार पड़ने के बाद प्राधिकरण ने एक माह में पाइपलाइन बदलने का ...और पढ़ें

    ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों में गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। फाइल फोटो

    ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों में गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। शहर के सेक्टरों में सप्लाई के पानी में बदबू और गंदगी आने की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। सेक्टर के लोगों का आरोप है कि बीते जनवरी में गंदा और बदबूदार सप्लाई के पानी के उपयोग करने से करीब 130 लोग बीमार पड़ गए थे।

    इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने निरीक्षण कर आश्वासन दिया था, कि एक माह में सभी सेक्टरों की पाइन लाइन बदलवा दी जाएंगी, लेकिन छह माह बीत गए आज तक एक भी सेक्टर की लाइन नहीं बदली गई है। बस खानापूरी कर कुछ स्थानों पर ज्वाइंट लगा दिए गए।

    वहीं सेक्टर गामा दो में रविवार को गंदे पानी की सप्लाई आने की शिकायत रही। निवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार अन्य सेक्टरों में भी लोगों के बीमार पड़ने का इंतजार कर रहे हैं।

    बता दें कि जनवरी में सेक्टर डेल्टा एक, दो और अल्फा दो में गंदा और बदबूदार पानी के सेवन करने से करीब 130 लोगों के बीमार होने की घटना के बाद प्राधिकरण के अधिकारियों ने सेक्टरों का निरीक्षण किया था। इस दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया था, कि सेक्टर बीटा एक, दो, अल्फा एक, दो, डेल्टा एक, दो और गामा एक व दो की पानी सप्लाई लाइन एक माह में बदल दी जाएंगी।

    इन सभी सेक्टरों की पानी सप्लाई की लाइन 20 वर्ष से अधिक पुरानी हो जाने के कारण आए दिन लीकेज होने की समस्या होती रहती है। इससे सैकड़ों लीटर पानी भी बर्बाद होता है। साथ ही पानी की लाइन सीवर लाइन या फिर नालों के पास से निकलने के कारण लीकेज वाले स्थान से सीवर या नाले का गंदा पानी भी सप्लाई के दौरान घरों तक पहुंच जाता है।

    खबरें और भी

    इसके सेवन करने से घरों में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। सेक्टर निवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार सिर्फ वादा करते हैं, लेकिन कभी उनको पूरा नहीं करते हैं। यह घटनाएं होने के बाद ही जागते हैं और खानापूरी करने के बाद फिर से भूल जाते हैं।

    जनवरी में गंदे और बदबूदार सप्लाई के पानी सेवन करने से लोगों के बीमार पड़ने की समस्या हुई थी, तब प्राधिकरण ने आश्वासन दिया था, कि एक महीन में लाइन बदल दी जाएंगी। वादा करने के बाद भूल गए हैं।- दीपक कुमार भाटी, पूर्व -महासचिव, आरडब्ल्यूएज ग्रेटर नोएडा

    सेक्टर में पानी सप्लाई की लाइन में लीकेज होने की समस्या आए दिन होती रहती है। इससे गंदा पानी आता है। वही उपयोग करने को मजबूर हो रहे हैं। शिकायत किए जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो रहा है।
    - प्रमोद गुप्ता, निवासी गामा दो

    जनवरी में गंदे और बदबूदार पानी के सेवन से सेक्टर में लगभग 80 लोग बीमार हुए थे। लाइन बदले जाने का केवल आश्वासन मिला था, लेकिन बदली अभी तक पूरी नहीं गई हैं।
    - सुभाष भाटी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, अल्फा दो

    यह भी पढ़ें: नोएडा की सोसायटी में AC ब्लास्ट से लगी आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार