नोएडा में दहेज लोभियों ने विवाहिता की ले ली जान, पूरे शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा में दहेज के लिए एक विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने फॉर्च्यूनर और 50 लाख रुपये न मिलने पर हत ...और पढ़ें
-1779153490659_m.webp)
नोएडा में फॉर्च्यूनर नहीं मिलने से विवाहिता को छत से फेंका।
HighLights
दहेज के लिए विवाहिता दीपिका नागर की मौत।
पिता ने फॉर्च्यूनर और 50 लाख न मिलने पर हत्या का आरोप।
पति ऋतिक और ससुर मनोज गिरफ्तार, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। दहेज लोभियों द्वारा बेटियाें की जान लेने का सिलसिला थम नहीं रहा है। पहले सिरसा में निक्की भाटी, फिर घोड़ी बछेड़ा में मोनिका और अब जलपुरा में दीपिका नागर को दहेज लोभियों की हैवानियत का शिकार होकर जान गंवानी पड़ी है। रविवार रात मकान की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरी दीपिका नागर की मौत हो गई। उसके पूरे शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
पीड़ित पिता ने दहेज में फार्च्यूनर कार और 50 लाख नहीं मिलने पर निर्मम तरीके से बेटी की पिटाई कर छत से फेंक कर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पति व ससुर को गिरफ्तार किया है। हालांकि, ससुराल वाले से कूद कर जान देने का दावा कर रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित किया गया है।
बादलपुर कोतवाली अंतर्गत ग्राम कूड़ी खेड़ा निवासी संजय नागर दिल्ली जल बोर्ड में कर्मी हैं। 11 दिसंबर 2024 को बेटी दीपिका की शादी ईकोटेक तीन क्षेत्र के जलपुरा निवासी मनोज के बेटे ऋतिक के साथ की थी। दान दहेज की सभी शर्ताें को पूरा करते हुए नगदी व सामान समेत करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे। फिर भी ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में फार्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग करने लगे।
मांग पूरी नहीं होने पर पति समेत अन्य ससुरालवाले दीपिका को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। संजय ने बताया शनिवार रात भी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। रविवार सुबह बेटी ने फोन पर रो-रोकर बताया था। दोपहर में वह बेटी के ससुराल पहुंचे थे। ससुर मनोज, सास व दामाद ऋतिक को समझाया था। शाम करीब सात बजे बेटी के यहां से घर आ गए थे।
खबरें और भी
रात करीब 12.30 बजे मनोज ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि दीपिका सीढ़ियों से गिर कर गंभीर घायल हो गई है। उसे शारदा अस्पताल ले जा रहे हैं। संजय व अन्य स्वजन अस्पताल पहुंचे तो बेटी का शव मिला। उसके पेट, हाथों, पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के छह से आठ निशान थे, जबकि आरोपितों ने बताया कि मकान की चौथी मंजिल से कूदने से मौत हुई है।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
घटना रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है। पति समेत अन्य आरोपित खून से लथपथ दीपिका को आनन-फानन शारदा अस्पताल ले गए थे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। इसके चलते डाक्टरों ने जांच के बाद दीपिका को मृत घोषित कर दिया।
रोते हुए पिता से बोली थी- गाड़ी व पैसा लाने को कह रहे
पीड़ित पिता ने बताया घटना वाले दिन ही दीपिका ने फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुर, सास, पति, ननद, समेत अन्य मारपीट कर दहेज में गाड़ी और पैसे लाने को कह रहे हैं। इसी लिए वह अपने साले बाबू प्रधान के साथ जलपुरा पहुंचे। कहा कि बेटी की शादी पूरे सम्मान और खुशी के साथ की थी, उन्हें नहीं पता था कि बेटी दहेज लोभियों की भेंट चढ़ जाएगी। स्वजन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इनके खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने संजय नागर की तहरीर पर आरोपित पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा, तन्नी, प्रमोद और विनोद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतका दीपिका बीएड पास थी। आरोपित पति बीए एलएलबी का छात्र है। आरोपित ससुर के तीन स्कूल संचालित हैं। यह भी चर्चा है कि आरोपित परिवार दबंग प्रवृति का है।
जलपुरा गांव से सूचना मिली कि एक महिला जिसकी डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। छत से कूदने से उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता संजय नागर की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पति और ससुर को गिरफ्तार किया गया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। - शैलेंद्र कुमार सिंह, डीसीपी, सेंट्रल नोएडा
यह भी पढ़ें- नोएडा में ऑनलाइन गेम से दोस्ती कर महिला से 10 लाख की ठगी, बहन को भी धमकी