ग्रेटर नोएडा: महावीर प्लाजा के जिम में लगी आग, लोगों ने दौड़कर बचाई जान और दमकल कर्मियों ने शीशे तोड़ पाया काबू
ग्रेटर नोएडा के महावीर प्लाजा स्थित एक जिम में गुरुवार सुबह शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। दमकल कर्मियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर आग पर काबू पाया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
HighLights
ग्रेटर नोएडा के जिम में शॉर्ट-सर्किट से लगी आग।
दमकल कर्मियों ने खिड़कियां तोड़कर आग पर पाया काबू।
घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, सभी लोग सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बिसरख कोतवाली अंतर्गत एस सिटी सोसायटी के महावीर प्लाजा में दूसरे फ्लोर पर संचालित जिम में बृहस्पतिवार सुबह शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। इससे आसपास हड़कंप मच गया।
वहीं, अंदर मौजूद लोगों ने बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित कर दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर आनन-फानन में आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि जनहानि टल गई।
घटना सुबह 7 बजे की
पुलिस के मुताबिक, यह घटना आज सुबह करीब 7 बजे के आसपास की है। महावीर प्लाजा की दूसरी मंजिल पर जिम संचालित है। घटना के समय अंदर छह से आठ लोग ही मौजूद थे। इसी बीच जिम के एक हिस्से से धुआं उठने के बाद अचानक आग भड़क उठी। अंदर मौजूद लोग आनन-फानन बाहर निकले।

दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया
इस बीच सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों से कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कर्मियों ने सीढ़ी की मदद से बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में पहुंचकर खिड़कियों के शीशे तोड़कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया।
यह भी पढ़ें- दक्षिणी दिल्ली के नेचर बाजार में आग लगी, करीब 50 दुकानें जलकर खाक
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पाने से जनहानि टल गई। प्रथम दृष्टया शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग से नुकसान का आंकलन जिम संचालक द्वारा किया जा रहा है।
