ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में रात 11 बजे लिफ्ट में 25 मिनट फंसा रहा परिवार, आपातकाल सुविधा भी रही ठप
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रक्षा अडेला सोसायटी में एक परिवार 25 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा, जहां आपातकालीन सुविधाएं पूरी तरह ठप थीं। निवासियों ने इसे गंभीर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
रक्षा अडेला सोसायटी में परिवार 25 मिनट लिफ्ट में फंसा।
आपातकालीन अलार्म, इंटरकॉम, वेंटिलेशन पूरी तरह ठप रहे।
निवासियों ने लिफ्ट सुरक्षा में गंभीर लापरवाही पर चिंता जताई।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रक्षा अडेला सोसायटी में शुक्रवार रात करीब 11 बजे जे टावर की लिफ्ट बंद होने से एक ही परिवार के कई लोग फंस गए। इस दौरान लिफ्ट के अंदर सुरक्षा और आपातकालीन इंतजाम पूरी तरह फेल रहे। लिफ्ट में फंसे लोगों ने मदद के लिए अलॉर्म और इंटरकाम का उपयोग किया, लेकिन कुछ भी काम नहीं किया।
पीड़ित परिवार ने अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन और मेंटेनेंस विभाग को लिखित शिकायत देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित निवासी का आरोप है कि लिफ्ट अटकने के बाद उन्होंने तुरंत मदद के लिए आपातकालीन अलार्म दबाया, लेकिन वह खराब पड़ा था।
लिफ्ट के अंदर न तो इंटरकॉम की सुविधा थी और न ही कोई सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। लिफ्ट अपने नजदीकी फ्लोर पर भी नहीं खुली, जिससे तकनीकी खामी की गंभीरता साफ उजागर होती है। लिफ्ट के भीतर वेंटिलेशन न होने के कारण चंद मिनटों में ही सफोकेशन (घुटन) होने लगी और परिवार के सदस्यों को सांस लेने में दिक्कत महसूस होने लगी।
पीड़ित परिवार ने मदद के लिए अंदर से लगातार जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया और मेंटेनेंस टीम को कई फोन काल किए। चूंकि अलार्म बंद था, इसलिए ग्राउंड फ्लोर पर तैनात सुरक्षा गार्ड को भी घटना की भनक तक नहीं लगी। काफी मशक्कत और देरी के बाद परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
खबरें और भी
निवासियों का कहना है कि यह सुरक्षा में एक बेहद गंभीर और जानलेवा लापरवाही है। अगर लिफ्ट के भीतर कोई गंभीर मरीज या बच्चा होता, तो मेडिकल इमरजेंसी के कारण किसी की जान भी जा सकती थी। निवासियों ने मेंटेनेंस और एओए से मांग की है कि लिफ्ट का तत्काल निरीक्षण और मरम्मत कराई जाए, अलार्म और इंटरकाम को ठीक किया जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसा खौफनाक हादसा दोबारा न हो।